Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नेहरू कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का खुलासा, पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, 8 लाख के जेवरात और नगदी बरामद

सीहोर। शहर की नेहरू कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात और नगदी बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बीते 18 और 19 सितंबर 2025 की दरमियानी रात की है। नेहरू कॉलोनी निवासी एक परिवार के सूने मकान का ताला तोडक़र अज्ञात बदमाशों ने घर के अंदर रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और एएसपी सुनीता रावत व सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। कडिय़ां जुड़ते ही पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरी वारदात का खुलासा हो गया।
बाप-बेटे सहित 4 गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में बाप-बेटे सहित सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में असलम अंसारी निवासी दीवान बाग मुख्य आरोपी, शाहिद अंसारी निवासी दीवान बाग, फरजाना पठान निवासी छोटा किला आष्टा और अब्दुल सलाम निवासी गहलोत पूरा शामिल हैं।
8 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता पाई है। जब्त किए गए सामान में 01 सोने का हार, 02 कान की चैन, 02 टॉप्स। 03 सोने की अंगूठी, 02 सोने की नथ, 01 सोने का टीका। 02 सोने के कंगन और चोरी की गई नगदी। कुल कीमत लगभग आठ लाख रुपये हैं।
रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले शहर के पॉश इलाकों में सूने मकानों की रेकी करते थे। मौका पाकर घर का ताला तोड़ते और कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते थे। इस बड़ी कामयाबी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र यादव, उपनिरीक्षक रामबाबू राठौर, पुरुषोत्तम दांगी, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय तिवारी, साइबर सेल से शैलेंद्र सिंह राजपूत सहित आरक्षक चेतन सिंह, विवेक प्रताप, कपिल मेवाड़ा, महिला आरक्षक सोनम मिश्रा और पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button