Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में उमड़ा सैलाब, पं. मिश्रा के आह्वान पर अमेरिका से ऑस्ट्रेलिया तक गूंजा हर-हर महादेव

सीहोर। सावन मास की पावन शिवरात्रि के अवसर पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों, मंदिरों और शिवालयों में पार्थिव शिवलिंग स्थापित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से महाभिषेक किया और विश्व शांति की कामना की।
बता दें जिला मुख्यालय के समीप स्थित कुबेरेश्वरधाम में इस अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। धाम में बनाए गए विशाल पंडाल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन महाभिषेक में हिस्सा लिया। करीब 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ पार्थिव शिवलिंग का पूजन और अभिषेक किया। सुबह से ही कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा था। आयोजकों के अनुसार दुनिया भर में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 82 करोड़ से अधिक शिवभक्तों ने इस अनुष्ठान में सहभागिता की।
अमेरिका से लेकर जापान तक शिव भक्ति की लहर
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि इस वैश्विक महाभिषेक में भारत के अलावा अमेरिका, रूस, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दुबई, नेपाल और मॉरीशस जैसे कई देशों में रहने वाले सनातन धर्मशास्त्रियों और सनातन प्रेमियों ने अपने-अपने घरों में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक किया।

भक्ति से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा
ऑनलाइन महाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव की निष्काम भक्ति मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक शक्ति का संचार करती है। उन्होंने सभी से पूर्ण श्रद्धा और विश्वास के साथ शिव आराधना करने का आग्रह किया। उनके इस संदेश पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
सोशल मीडिया पर छाया शिवभक्ति का रंग
दिन भर मंदिरों और घरों में अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने महाभिषेक के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। देखते ही देखते डिजिटल प्लेटफॉम्र्स पर भी शिवभक्ति का माहौल बन गया। सावन शिवरात्रि पर कुबेरेश्वरधाम से लेकर देश-विदेश के कोने-कोने तक गूंजे हर-हर महादेव के जयकारों ने इस आयोजन को एक ऐतिहासिक और यादगार धार्मिक पर्व बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button