Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

मेधावियों के सम्मान में पहुंचे विधायक दंपति, सुदेश राय बोले- सम्मान बढ़ाता है आत्मबल, पत्नी अरुणा राय ने कहा- प्रतिभाओं का सागर है समाज

सीहोर। सम्मान केवल एक पुरस्कार या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह कठिन समय में विद्यार्थियों का आत्मबल बढ़ाता है और उनके हौसलों को नई उड़ान के लिए प्रोत्साहित करता है। यह बात रविवार को स्थानीय गीता मानस भवन में आयोजित अखिल भारतीय लोधी लोधा लोध अधिकारी कर्मचारी संघ, लोधी क्षत्रिय महासभा एवं समस्त लोधी समाज के द्वितीय प्रतिभा सम्मान समारोह और शैक्षणिक मार्गदर्शन कार्यक्रमको संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कही।
इस समारोह में विधायक सुदेश राय और उनकी पत्नी अरुणा राय मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक दंपति ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और समाज की होनहार प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।
बच्चे देश और माता-पिता का नाम रोशन करें
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि अरुणा राय ने सम्मानित हुए प्रतिभाशाली बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का मंत्र दिया। विधायक पत्नी श्रीमती राय ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा हमारा लोधी लोधा लोध समाज वास्तव में प्रतिभाओं का सागर है। यहां बच्चों में असीम क्षमताएं हैं। जरूरत इस बात की है कि बच्चे जीवन में उच्च शिक्षा ग्रहण करें और पूरी ईमानदारी व लगन से आगे बढक़र अपने देश, प्रदेश, गुरुजनों और माता-पिता का नाम रोशन करें।
विधायक दंपति के हाथों सम्मानित होकर खिले बच्चों के चेहरे
समारोह के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने अपने हाथों से मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भेंट किए। विधायक दंपति से सम्मान पाकर छात्र छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
नवनियुक्त और सेवानिवृत्त अधिकारियों का भी हुआ बहुमान
कार्यक्रम में न केवल विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया गया, बल्कि समाज का गौरव रहे नवनियुक्त एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का भी विधायक दंपति द्वारा मंच पर शॉल श्रीफल से सम्मान किया गया। इसके साथ ही खेल कला और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान समाजजनों को भी पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर हुआ मंथन
इस अवसर पर शिक्षा और सामाजिक उत्थान को लेकर एक विशेष संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी में अखिल भारतीय लोधी लोधा लोध अधिकारी कर्मचारी संघ, लोधी क्षत्रिय महासभा और समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के स्तर को और मजबूत करने तथा युवाओं को प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। कार्यक्रम में लोकेश लिल्लारे, एसके मिरिया, आरएस लोधी, कामनी राजपूत, योगिता लोधी सहित बड़ी संख्या में लोधी लोधा लोध समाज के महिला, पुरुष, युवा और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button