Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

सांसद आलोक शर्मा रात सीहोर में रुके, सुबह से किया सीवन नदी, टाउन हाल सहित अन्य स्थानों का भ्रमण, देखी व्यवस्थाएं

"12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" स्लोगन आधारित अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन

सीहोर। सीहोर नगर को स्वच्छता अभियान में नंबर वन बनाने की तैयारियों के बीच भोपाल- सीहोर सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर के सीवन नदी घाट पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने खुद भी झाड़ू लगाई तो वहीं गंदगी देखकर वे सीएमओ पर भड़क भी गए। सांसद आलोक शर्मा ने सीएमओ सुधीर सिंह को फटकार लगाई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इससे पहले सांसद आलोक शर्मा एक दिन पहले ही सीहोर पहुंच गए। वे गेस्ट हाउस में रुके, रात्रि विश्राम किया। सुबह सीवन नदी, टाउन हाल सहित कई स्थानों का भ्रमण भी किया। सीवन नदी पर नगर पालिका द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद आलोक शर्मा ने भी इसमें हिस्सा लिया।
12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के अभियान का हुआ शुभारंभ –
भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल, जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के अंतर्गत भोपाल संसदीय क्षेत्र की सीहोर विधानसभा में विभिन्न जनजागरण, जनसंपर्क एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि इन कार्यक्रमों में भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सहभागिता करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर प्रवास के दौरान वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों व खिलाड़ियों के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। तत्पश्चात गंज स्थित राम जानकी मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन में शामिल हुए। इसके बाद सीहोर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। प्रातः कालीन तय कार्यक्रमानुसार सांसद आलोक शर्मा ने सीवन नदी तट पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात महिला घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील भी की गई। तट पर गंदगी नजर आने पर उन्होंने नगरपालिका सीएमओ को डांट भी लगाई। इसके बाद उन्होंने स्वच्छता अभियान अंतर्गत कार्यकर्ताओं के साथ तट की साफ-सफाई भी की।
सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर नगर में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों, जनसंपर्क गतिविधियों एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों में भी भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक जनसंपर्क विस्तार एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। इसके अतिरिक्त सांसद आलोक शर्मा ने टाऊन हॉल स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीहोर के समग्र विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विकास कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा।
इन समस्त कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास विरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बताई केंद्र सरकार की उपलब्धियां –
कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच व्यापक उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु पूर्ण समर्थन और सहभागिता का विश्वास व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button