हादसा नहीं हत्या, कार से बाईक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत, चश्मदीद ने सुनाया आंखों देखा हाल
मंडी निवासी कपिल राठौर की मौके पर ही मौत, साथी मितेश घायल

सीहोर। पचामा स्थित राजपूत ढाबे के पास रविवार देर रात हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में मंडी निवासी युवक कपिल राठौर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मितेश राठौर रूप से घायल हो गया। शुरुआती तौर पर इसे सडक़ दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मितेश के बयानों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी है। मितेश का सीधा आरोप है कि यह कोई एक्सीडेंट नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश और विवाद के चलते कार से जानबूझकर कुचलकर की गई हत्या है। दरअसल, कपिल बाईक चला रहा था और मितेश पीछे बैठा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब दुर्घटना के साथ-साथ हत्या की धाराओं और साजिश के एंगल से जांच कर रही है। सोमवार को आक्रोशित परिजन और स्थानीय नागरिक कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
साउंड बंद कराने को लेकर हुआ था विवाद
घायल मितेश राठौर के अनुसार रविवार देर रात पचामा के एक फार्महाउस पर धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके 2-3 साथी अन्य लडक़ों को धमका रहे थे और जबरन साउंड बंद करा रहे थे। मितेश और अनमोल ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए और उन्हें देख लेने की धमकी दी। वहां मौजूद राजा नाम के युवक ने इस धमकी को सुना और अनहोनी की आशंका जताते हुए कपिल और मितेश को अकेले घर न जाने की सलाह दी।
चाचा को दी सूचना, फिर घर के लिए निकले
खतरे को भांपते हुए मितेश का मोबाइल डिस्चार्ज होने पर कपिल ने अपने फोन से मितेश के चाचा को कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी। चाचा ने 15-20 मिनट में पहुंचने की बात कही। कुछ देर इंतजार करने के बाद जब वहां माहौल शांत दिखाए तो दोनों बाइक पर सवार होकर घर लौटने लगे।
300 मीटर तक पीछा, फिर मारी जोरदार टक्कर
मितेश ने बताया कि 200 से 300 मीटर आगे बढ़ते ही पचामा बैंक ऑफ इंडिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक के आगे अचानक गाड़ी अड़ाकर रोकने की कोशिश की। किसी तरह वहां से बचकर जब वे बाइक आगे बढ़ाकर राजपूत ढाबे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई उसी कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मितेश का आरोप है कि कार ओमदीप चला रहा था और उसमें 2-3 अन्य लोग भी बैठे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कपिल को गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मितेश घायल हुआ। घटना के बाद आरोपी कार समेत मौके से पुरार हो गए।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और मृतक की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।



