अब बाबरी घाट पर नहीं चलेगी मनमानी, बरगी कांड के बाद चेता प्रशासन, एसडीएम ने ठेकेदार को दी चेतावनी

सीहोर। जबलपुर के बरगी डैम में एक दिन पहले घटित हुआ खौफनाक मंजर अभी सभी के जहन में है, जहां लहरों ने 9 जिंदगियां लील लीं। उस हादसे ने पूरे प्रदेश को डरा दिया है, जिसके बाद अब जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को एसडीएम अपनी टीम के साथ अचानक नर्मदा के बाबरी घाट पहुंचे। घाट पर जो दिखा, उसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी, वही पुरानी लापरवाही और वही मौत का जोखिम।
एसडीएम ने जैसे ही घाट पर कदम रखा, सबसे पहले नावों की फिटनेस और लाइफ जैकेट की तलाश की। वहां सुरक्षा के नाम पर भारी ढिलाई देख एसडीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने ठेकेदार को साफ लफ्जों में हिदायत दी कि अब नाव में बैठने वाले हर यात्री के शरीर पर लाइफ जैकेट दिखनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि नाव पर यह साफ साफ लिखा होना चाहिए कि इसमें कितने लोग बैठ सकते हैं। लाइफ ट्यूब अनिवार्य हिस्सा होंगे।

ट्रैक्टर और कारों की लोडिंग पर भडक़े एसडीएम
जांच में यह चौकाने वाली बात सामने आई कि छोटे से मुनाफे के लिए नावों पर ट्रैक्टर, कार और बाइक लादकर नदी पार कराई जा रही थी। इस पर एसडीएम ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को चेतावनी दी अगर अब नाव पर क्षमता से एक भी व्यक्ति ज्यादा दिखा या भारी वाहन मिला तो न सिर्फ ठेका निरस्त होगा, बल्कि जेल की हवा भी खानी पड़ेगी।
अब बोर्ड बताएगा सुरक्षा के नियम
सिर्फ हिदायत ही नहीं, अब घाट पर बड़े बड़े सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इन पर आपातकालीन नंबर और सुरक्षा के जरूरी नियम लिखे होंगे, ताकि यात्री भी जागरूक रहें। एसडीएम ने आश्वस्त किया है कि अब प्रशासन यहां सिर्फ कागजी घोड़े नहीं दौड़ाएगा, बल्कि समय-समय पर मॉनिटरिंग होगी ताकि बाबरी घाट पर बरगी जैसा कोई हादसा दोबारा न हो सके।



