Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नवरात्रि के दूसरे दिन पुलिस ने दी 493 चेहरों को मुस्कान, 78 लाख के गुम मोबाइल खोजकर लौटाए

सीहोर। नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां हर तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल है, वहीं पुलिस ने इस पर्व को 493 परिवारों के लिए बेहद खास बना दिया। नवरात्रि के दूसरे दिन पुलिस ने सालों से खो चुके मोबाइलों को खोजकर उनके असली मालिकों को लौटाते हुए 493 चेहरों पर एक साथ मुस्कान ला दी। पिछले तीन वर्षों से अपने गुम हुए फोन को पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों की खुशी का उस समय ठिकाना न रहा, जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्हें उनके मोबाइल सुरक्षित वापस सौंपे गए। पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन 493 मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 78 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने अपने हाथों से नागरिकों को उनके खोए हुए मोबाइल वितरित किए। वर्ष 2026 में अब तक बरामद किए गए कुल 493 मोबाइलों में से 260 मोबाइल फोन मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीधे नागरिकों को सौंपे गए, जबकि शेष 233 मोबाइल फोन संबंधित थानों के स्तर पर विधिवत रूप से उनके वास्तविक धारकों को लौटाए गए हैं। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन में चली विशेष मुहिम
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में यह पूरी मुहिम चली, जिसें सफलता हासिल हुई। जिला सायबर सेल और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए गुमशुदा मोबाइलों को ट्रैक किया और उन्हें सुरक्षित उनके स्वामियों तक पहुंचाया। इस अभियान को सफल बनाने में जिला सायबर सेल के प्रभारी प्रधान आरक्षक सुशील कुमार साल्वे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह राजपूत, आरक्षक अभिषेक चौहान, आरक्षक तरुण राठौर, आरक्षक अर्पित गुप्ता, आरक्षक जितेन्द्र राजपूत तथा जिले के विभिन्न थानों में गठित विशेष टीमों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपका भी मोबाइल फोन कभी गुम या चोरी हो जाए तो निराश न हों। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं या भारत सरकार के आधिकारिक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, जिससे फोन को ट्रैक करने में मदद मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button