Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

कोरोनाकाल से बंद ओवरनाइट एक्सप्रेस का दोबारा स्टापेज, कुबेरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं मिलेगी राहत

सीहोर। रेल यात्रियों और आम नागरिकों का लंबा इंतजार गुरुवार की रात को खत्म हो गया। कोरोनाकाल के समय से बंद पड़ी इंदौर-जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर रेलवे स्टेशन पर पुन: स्टॉपेज शुरू हो गया है। इस उपलब्धि पर रतलाम रेल मंडल द्वारा सीहोर स्टेशन पर एक शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय ने ट्रेन को ग्रीन लाइट दिखाकर आगे के लिए रवाना किया।

शुभारंभ का मुख्य कार्यक्रम प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आयोजित किया गया था। जैसे ही इंदौर से चलकर ओवरनाइट सुपरफास्ट ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची, सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय ने ट्रेन के लोको पायलट को गुलदस्ता भेंट किया और हरी टॉर्च दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
रेल मंत्री ने पूरी की जनता की मांग
स्टेशन परिसर में बने मंच से जनता को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सीहोर के नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों की यह लंबे समय से मांग थी कि इस महत्वपूर्ण ट्रेन का स्टॉपेज यहाँ दोबारा शुरू किया जाए। जनहित को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा गया था, जिन्होंने सहर्ष इस मांग को स्वीकार कर जनता को यह बड़ी सौगात दी है।
हर ट्रेन रुकवाने का करेंगे प्रयास
कार्यक्रम के विशेष अतिथि विधायक सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में देश और प्रदेश के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वे आने वाले समय में सीहोर स्टेशन से गुजरने वाली अन्य सभी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए भी रेल मंत्रालय को पत्र लिखेंगे और प्रयास करेंगे। विधायक राय ने कहा कि इस स्टॉपेज का सबसे बड़ा लाभ सीहोर के व्यापारियों के अलावा प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम आने वाले देश भर के लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा, जिससे अब उनका इंदौर और जबलपुर आना-जाना बेहद सुगम हो जाएगा।
ओवरनाइट एक्सप्रेस का यह शेड्यूल
रेलवे प्रशासन के अनुसार इंदौर-जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर स्टेशन पर दोनों दिशाओं में 2 मिनट का ठहराव रहेगा, जिसमें इंदौर से जबलपुर के लिए यह ट्रेन प्रतिदिन रात 10.26 बजे सीहोर पहुंचेगी और 10.28 बजे आगे रवाना होगी। जबलपुर से इंदौर के लिए यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 06.08 बजे सीहोर स्टेशन आएगी और 06.10 बजे प्रस्थान करेगी।
कार्यक्रम के दौरान रतलाम रेल मंडल के अधिकारियों और नागरिकों द्वारा सांसद आलोक शर्मा, विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, सीताराम यादव, जिला प्रभारी विकास विरानी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, वरिष्ठ नेता गौरव सन्नी महाजन, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button