दाऊदी बोहरा समाज के चल समारोह में गूंजीं देशभक्ति की धुनें, हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने मिलकर किया स्वागत

सीहोर। शहर में रविवार को सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी तहजीब का साक्षी बना। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर दाऊदी बोहरा समाज द्वारा निकाले गए भव्य चल समारोह ने नगर में आपसी भाईचारे और देशभक्ति की एक अनुपम मिसाल पेश की। आस्था, भक्ति और राष्ट्रीय चेतना के इस सुंदर संगम को देखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा।
कस्बा स्थित बोहरा मस्जिद से जनाब यूसुफ भाई जकवी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ यह चल समारोह पारंपरिक धार्मिक आयोजनों से अलग एक खास संदेश दे रहा था। आष्टा के मशहूर बैंड ने जब देशभक्ति और राष्ट्रीय धुनों की प्रस्तुतियां दीं तो पूरा मार्ग मेरा भारत महान के अहसास से सराबोर हो उठा। चल समारोह में सजी-धजी आकर्षक बग्गियों में सवार नन्हीं-मुन्नी बच्चियों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
सर्वसमाज ने किया अभिनंदन
धार्मिक और सामाजिक सीमाओं से परे उठकर शहर के जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक व सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने चल समारोह का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पीली मस्जिद पर ईरशाद पहलवान और तहसील चौराहे पर नौशाद खान मित्र मंडली ने इस्तकबाल किया। लिसा टॉकीज चौराहे पर वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, भाजपा मंडलाध्यक्ष सुदीप सम्राट और चंपालाल यादव मित्र मंडली ने स्वागत मंच से फूल बरसाए। बड़ा बाजार में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती व गब्बर पहलवान मित्र मंडली और कसाई मंडी में रहमान परिवार ने समाजजनों का उत्साहवर्धन किया।

दिखा सर्वदलीय नजारा
चल समारोह के दौरान शहर की साझा संस्कृति तब और निखर कर सामने आई, जब भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती, सुदीप सम्राट, विवेक राठौर और घनश्याम यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए व बोहरा समाज को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।

Exit mobile version