Newsआष्टाइछावरजावरजॉब्सनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

पुलिस भर्ती: प्रधान आरक्षक और एएसआई (कंप्यूटर) की शारीरिक दक्षता परीक्षा 7 जून से, आधार सत्यापन होगा अनिवार्य

सीहोर। मध्य प्रदेश पुलिस में प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) और सहायक उप निरीक्षक (कंप्यूटर) के पदों पर भर्ती के लिए अगला चरण शुरू होने जा रहा है। ऑनलाइन परीक्षा में सफल रहे उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आगामी 7 जून से 9 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों का परीक्षण भी किया जाएगा।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक (चयन/भर्ती) गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि इस परीक्षा के लिए दो शहरों को केंद्र बनाया गया है। सफल अभ्यर्थियों की 800 मीटर दौड़ और दस्तावेजों का सत्यापन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड जहांगीराबाद तथा जबलपुर के परेड ग्राउंड 6वीं वाहिनी विसबल रांझी में संपन्न होगा। ऑनलाइन परीक्षा में क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवार कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से अपना सूचना पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
तारीख और स्थान में नहीं होगा कोई बदलाव
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों को उनके सूचना पत्र में दर्ज निर्धारित तिथि और स्थान पर ही उपस्थित होना अनिवार्य है। किसी भी परिस्थिति में परीक्षा की दिनांक या केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा, जो उम्मीदवार तय समय पर नहीं पहुंचेंगे, उन्हें दूसरा मौका नहीं मिलेगा।
आधार ई.केवाईसी सत्यापन और जरूरी दस्तावेज
शारीरिक दक्षता परीक्षा के विभिन्न चरणों के दौरान उम्मीदवारों का आधार ई.केवाईसी सत्यापन कराया जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। उम्मीदवार यह भी सुनिश्चित कर लें कि उनका आधार नंबर लॉक न हो, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन में कोई तकनीकी बाधा न आए। इसके अतिरिक्त, दस्तावेज परीक्षण के लिए उम्मीदवारों को अपने सभी मूल आवश्यक प्रमाण-पत्र और उनकी स्वयं प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट साथ लेकर आना जरूरी है।
89 पदों के लिए हो रही है भर्ती
उल्लेखनीय है कि प्रधान आरक्षक और एएसआई के कुल 89 पदों पर भर्ती के लिए मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल भोपाल द्वारा बीते 24 और 25 मार्च को ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का परिणाम 8 मई को घोषित किया जा चुका है, जिसमें सफल रहे उम्मीदवार अब इस शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button