मौत की पटरी से खींच लाई पुलिस, डायल 112 की सूझबूझ से बची युवक की जान

भोपाल नाका के पास ट्रेन का इंतजार कर रहे युवक को आरक्षक और पायलट ने रेस्क्यू किया

सीहोर। पुलिस की मुस्तैदी और डायल 112 टीम की सूझबूझ ने एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया। भोपाल नाका क्षेत्र के पास रेल की पटरी पर लेटकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की शहर भर में सराहना हो रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि भोपाल नाका के पास रेल की पटरी पर एक युवक आत्महत्या के इरादे से लेटा हुआ है। युवक की पहचान सुनील रजक के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में तत्काल डायल 112 की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
बातों में उलझाकर युवक को पटरी से हटाया
भोपाल नाका की एफआरवी-01 की टीम जब मौके पर पहुंची तो स्थिति बेहद नाजुक थी। युवक पटरी पर था और किसी भी समय ट्रेन आ सकती थी। ऐसी स्थिति में आरक्षक कृष्णकांत यादव और पायलट घनश्याम वर्मा ने अत्यंत धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। टीम ने युवक को डराने या जबरदस्ती करने के बजाय उसे बातों में उलझाया और उसका ध्यान भटकाया। बातचीत के दौरान ही टीम ने उसे समझा बुझाकर सुरक्षित तरीके से पटरी से नीचे उतार लिया।

Exit mobile version