Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर में नवरात्रि मेले की तैयारियां शुरू, कमिश्नर-डीआईजी ने ली समीक्षा बैठक

सीहोर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सलकनपुर में आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान विजयासन देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शुक्रवार को भोपाल संभाग कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, डीआईजी भोपाल देहात राजेश चंदेल, कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने सलकनपुर में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और मेला परिसर का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार चाक-चौबंद रखी जाएं कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और वे सुगमता से माता के दर्शन कर सकें।
बैठक में कमिश्नर और डीआईजी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कहीं भी जाम की स्थिति न बनने दें। मंदिर प्रांगण में रोपवे का निरंतर संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिले। इसके अलावा, फायर ब्रिगेड, बिजली, पेयजल और साफ सफाई के भी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने दिए यह निर्देश
हेल्थ कैंप और एंबुलेंस: श्रद्धालुओं की आपातकालीन चिकित्सीय जरूरतों के लिए मंदिर परिसर में जगह-जगह हेल्थ कैंप और एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम: बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए मुख्य स्थानों पर हेल्प डेस्क और अधिकारियों-कर्मचारियों के सतत संपर्क के लिए सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
पेयजल व अस्थाई शौचालय: मुख्य स्थलों पर पीने के पानी के पर्याप्त इंतजाम और अस्थाई शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
वाहनों की फिटनेस जांच: श्रद्धालुओं को ले जाने वाली टैक्सियों के पास आरटीओ का फिटनेस प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। ज्यादा पुरानी गाडिय़ों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। केवल प्रशिक्षित ड्राइवर ही वाहन चलाएंगे। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और निर्धारित से ज्यादा किराया वसूलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
जोखिम वाले इलाकों में जाने पर रोक: श्रद्धालुओं को पहाड़ी व वन क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए उप वन मंडलाधिकारी को निर्देशित किया गया है, ताकि जंगली जानवरों या हादसों से सुरक्षा हो सके।

अमावस्या को लेकर आंवली घाट का निरीक्षण
सलकनपुर बैठक के पश्चात वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने नर्मदा तट स्थित आंवली घाट का भी निरीक्षण किया। अमावस्या पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं, इसके लिए बैरिकेडिंग की जाए। सुरक्षा के लिहाज से घाट पर पुलिस, होमगार्ड के जवान, कुशल गोताखोर और वॉटर बोट तैनात की जाएंगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, एसडीएम संजीव नागू, एसडीओपी रवि शर्मा, तहसीलदार सपना तिलोरिया सहित मंदिर समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button