दिगंबर जैन मंदिर में चोरी करने वाला पुजारी गिरफ्तार, 8 लाख का माल बरामद
3 साल से तैनात पुजारी ने उड़ाए थे सोने का छत्र और चांदी की थाली, रिमांड में पूछताछ के बाद उगला राज

सीहोर। शहर के खजांची लाइन स्थित प्रसिद्ध पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले का कोतवाली पुलिस ने महज 6 दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि भगवान की सेवा करने वाला मंदिर का पुजारी ही चोर निकला। पुलिस ने आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया 8 लाख रुपये मूल्य का शत प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गयाए जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जैन समाज सीहोर एवं पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर खजांची लाइन के अध्यक्ष अजय कुमार जैन निवासी गंगा आश्रमद्ध ने बीती 10 जुलाई को थाना कोतवाली में एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि मंदिर में पूजा-पाठ के लिए पिछले 3 वर्षों से कपिल जैन नाम के पुजारी को रखा गया था।
श्रद्धा और विश्वास का फायदा उठाकर उक्त पुजारी ने मंदिर के गर्भगृह से भगवान का सोने का छत्र, चांदी की थाली, चांदी का हाथी और दीपक चोरी कर लिया था। अध्यक्ष की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, ऐसे खुला राज
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तत्काल आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने संदेही पुजारी कपिल जैन निवासी संत निवास मेन रोड सीहोर को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुजारी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और चोरी की बात से साफ मुकरता रहा। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से न्यायालय से आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल किया। कड़ाई से की गई पूछताछ के आगे आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

8 लाख रुपये का ये माल हुआ बरामद
आरोपी पुजारी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया माल बरामद कर लिया, जिसकी कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें 1 सोने का छत्र और 1 सोने का दीपक कुल वजन करीब 50 ग्राम, 1 चांदी की थाली जिसमें नक्काशीदार हाथी लगा हुआ है, वजन करीब 500 ग्राम शामिल हैं।
इस चोरी का पर्दाफाश करने में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव, उपनिरीक्षक विवेक आर्य, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह पंवार, आरक्षक सूरज, आरक्षक जितेंद्र परमार, आरक्षक सोनू और आरक्षक चालक विष्णु भगवान की सक्रिय भूमिका रही।



