सरेराह हंगामा, कर्बला पुल पर महिला ने युवक को बीच सडक़ पीटा

सीहोर। जिला मुख्यालय के व्यस्ततम कर्बला पुल पर बीते शाम उस समय राहगीर हतप्रभ रह गए, जब एक महिला ने एक युवक की जमकर धुनाई कर दी। बीच सडक़ पर हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल इस हाईवोल्टेज ड्रामे और विवाद की असली वजह सामने नहीं आ पाई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला गुस्से में है और युवक पर थप्पड़ों और लातों की बरसात कर रही है। महिला का रूप इतना उग्र था कि युवक केवल अपना बचाव करने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दौरान सबसे चौंकाने वाला नजारा यह रहा कि वहां मौजूद दर्जनों लोग केवल तमाशबीन बनकर देखते रहे। कुछ लोग बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में मशगूल नजर आए।
पुल पर लगा जाम
कर्बला पुल के बीचों-बीच चली इस मारपीट के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। काफी देर तक चले इस हंगामे और जाम की स्थिति को देख आखिरकार कुछ राहगीर आगे आए। उन्होंने किसी तरह महिला को समझा-बुझाकर युवक से दूर किया और मामला शांत कराया। इसके बाद ही पुल पर आवाजाही सामान्य हो सकी।

Exit mobile version