
सीहोर। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा को लेकर विवादित पोस्टर ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। मामला मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) रवि मालवीय के पोस्टर से जुड़ा है, जिसमें भगवान शिव की तस्वीर के ऊपर नेताजी की तस्वीर छापी गई है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
पोस्टर के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता गोपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा और रवि मालवीय पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि क्या कैबिनेट मंत्री का दर्जा तीनों लोक के स्वामी महाकाल भोलेनाथ से भी बड़ा है, अगर ऐसा है तो निश्चित ही इस पोस्टर में भाजपाईयों द्वारा शिव शंभू को दिए गए सबसे नीचे के स्थान से कोई हतप्रभ नहीं होगा। क्योंकि भाजपा के नजरिए में भगवान शिव से भी बड़ा बुधनी के शिव का पुत्र ही होगा। खैर… बम-बम भोले, ईश्वर सबको सद्बुद्धि दे, जगत में सभी का कल्याण हो।
कांवड़ यात्रा से पहले गरमाया माहौल
बता दें इस यात्रा का नेतृत्व विधायक कार्तिकेय सिंह चौहान और विधायक रमाकांत भार्गव कर रहे हैं। आज 24 अगस्त को यात्रा बुधनी-शाहगंज मंडल के हथनौरा से शुरू होकर शाहगंज होते हुए दिगंबर आश्रम पहुंचेगी। वहीं कल 25 अगस्त को यात्रा भैरुंदा, सलकनपुर, गोपालपुर, लाडक़ुई और चकल्दी मंडल से गुजरते हुए नीलकंठ पर समाप्त होगी।
सियासी गलियारों में चर्चा तेज
भगवान शिव के ऊपर स्थानीय नेता का पोस्टर लगाए जाने से शिव भक्तों और विपक्षी नेताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि आस्था के पर्व पर धार्मिक प्रतीकों और भगवान की तस्वीरों के साथ इस तरह की लापरवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल इस विवादित पोस्टर को लेकर भाजपा और रवि मालवीय की तरफ से कोई सफाई सामने नहीं आई है।