रेहटी टीआई राजेश कहारे को दी भावभीनी विदाई, नए प्रभारी हिमलेंद्र पटेल ने संभाला पदभार
रेहटी एवं सलकनपुर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

सीहोर। जिले के थाना रेहटी में पदस्थ रहे थाना प्रभारी राजेश कहारे का बालाघाट स्थानांतरण होने पर उन्हें रेहटी सहित सलकनपुर में कार्यक्रम आयोजित कर भावुक माहौल में विदाई दी गई। इधर रेहटी थाने में पदस्थ हुए नए थाना प्रभारी हिमलेंद्र पटेल ने भी अपना पदभार ग्रहण करके कामकाज शुरू कर दिया है। उनके सामने रेहटी तहसील के करीब 125 से अधिक गांवों सहित तहसील मुख्यालय पर शांति व्यवस्था बनाने एवं अवैध कार्यों को रोकने एवं कानून व्यवस्था कायम रखने की महत्वपूर्ण चुनौती भी रहेगी।

शानदार कार्यकाल के लिए याद आएंगे राजेश कहारे
रेहटी थाने से तबादले के बाद बालाघाट जाने वाले राजेश कहारे का रेहटी थाने में शानदार कार्यकाल रहा। इस दौरान उन्होंने कई बड़े-बड़े अपराधों के खुलासे किए तो वहीं रेहटी तहसील में शांति व्यवस्था बनाने सहित नवरात्रि, भूतड़ी अमावस्या जैसे बड़े त्योहार पर ला एंड ऑर्डर की स्थिति को भी कंट्रोल करने में सफलता हासिल की। थाना प्रभारी के रूप में राजेश कहारे ने 8 अक्टूबर 2023 को रेहटी थाने की कमान संभाली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका स्थानांतरण 24 अप्रैल को बालाघाट के लिए हुआ था, जिसके बाद 4 अगस्त को वे रेहटी से कार्यमुक्त हो गए। ढाई साल से अधिक के इस कार्यकाल में उन्होंने न केवल कानून का सख्ती से पालन कराया, बल्कि आमजन से व्यवहारिक संबंध भी बने। उन्होंने सबसे ज्यादा मर्डर केस के खुलासे करके अपराधियों को जेल भिजवाया। चोरी के मामलों में भी अपराधियों पर शिकंजा कसा।

पुष्पमालाओं से किया स्वागत, दी भावभीनी विदाई
रेहटी के पुराना थाना परिसर में आयोजित हुए विदाई समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित आसपास के ग्रामीणों ने भी पहुंचकर उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए बधाई दी तो वहीं उनके यहां से स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई भी दी। सी दौरान सभी ने इनके कार्यकाल की जमकर तारीफ की। इस दौरान बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा सहित थाने का स्टाफ, जनप्रतिनिधि, पत्रकार सहित नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इधर ग्राम पंचायत सलकनपुर में भी उनका विदाई समाराेह आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत सलकनपुर की सरपंच मंजू दायमा, पूर्व सरपंच विपत सिंह उइके, पंचायत सचिव प्रकाश दायमा, व्यापारी संघ अध्यक्ष अनिरुद्ध दुबे सहित उपस्थित लोगों, व्यापारियों ने शिल्ज श्रीफल से सम्मानित करके स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान राजेश कहारे भी भावुक दिखे और उन्होंने सभी का आभार प्रकट किया।



