
सीहोर। अपनी उत्कृष्ट और जनहितैषी सेवाओं के लिए पहचाने जाने वाले रहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे का बालाघाट स्थानांतरण होने पर उन्हें सलकनपुर में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावुक माहौल में विदाई दी गई। मां विजयासन के पावन धाम ग्राम पंचायत सलकनपुर में आयोजित सम्मान एवं विदाई समारोह में समूचे क्षेत्र के लोगों ने एकजुट होकर उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और उन्हें भावभीनी विदाई दी।
बता दें थाना प्रभारी राजेश कहारे ने 08 अक्टूबर 2023 को रहटी थाने की कमान संभाली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका स्थानांतरण 24 अप्रैल को बालाघाट हुआ था, जिसके बाद 04 अगस्त को वे रहटी से कार्यमुक्त हो गए। ढाई साल से अधिक के इस कार्यकाल में उन्होंने न केवल कानून का सख्ती से पालन कराया, बल्कि आमजन से व्यवहारिक संबंध भी बने।
पुष्पमालाओं से किया स्वागत
ग्राम पंचायत सलकनपुर द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने टीआई कहारे का माल्यार्पण कर, स्मृति चिन्ह भेंट कर और शॉल श्रीफल से स्वागत किया।
कार्यक्रम में ग्रापं. सलकनपुर सरपंच मंजू दायमा, पूर्व सरपंच विपत सिंह उइके, समस्त व्यापारी बंधी एवं व्यापारी संघ अध्यक्ष अनिरुद्ध दुबे, क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया साथी वरिष्ठ राजनीतिक नेतागण तथा सम्मानित ग्रामवासी शामिल हुए।
जनसेवा के लिए हमेशा याद रखेगा रहटी क्षेत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणमान्य नागरिकों ने कहा कि राजेश कहारे का कार्यकाल रहटी क्षेत्र के लिए जनसेवा की मिसाल रहा है। धार्मिक नगरी सलकनपुर में उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भी उन्होंने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पूरी मुस्तैदी से संभाला। समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मां विजयासन से उनके उज्ज्वल भविष्य और बालाघाट में उनके नए कार्यकाल के लिए प्रार्थना करते हुए अनंत शुभकामनाएं दी।