
सीहोर। जिले में शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। दूध और दुग्ध उत्पादों की शुद्धता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने आष्टा और श्यामपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने जहां आष्टा से 50 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया, वहीं मुख्तारनगर में बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से संचालित हो रही एक डेयरी को सील कर दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन ई. पन्ना और ज्योति बंसल की संयुक्त टीम ने आष्टा स्थित श्री इंटरप्राइजेज पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान में रखा घी गुणवत्ता के पैमाने पर संदिग्ध पाया गया। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 50 लीटर संदिग्ध घी को जब्त कर लिया और घी के 3 अलग-अलग नमूने जांच के लिए लिए।
अवैध रूप से चल रही दुआ डेयरी पर जड़ा ताला
कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं थमा। टीम ने सीहोर के मुख्तारनगर स्थित दुआ डेयरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यह डेयरी बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन के धड़ल्ले से संचालित की जा रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डेयरी को मौके पर ही सील तालाबंद कर दिया। इसके अलावा टीम ने श्यामपुर स्थित जफरुद्दीन डेयरी और दुआ डेयरी दोनों स्थानों से दूध तथा मिक्स मिल्क के सैंपल एकत्र किए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
जब्त किए गए 50 लीटर घी सहित टीम द्वारा एकत्र किए गए सभी सैंपलों को सील बंद कर भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों और डेयरी संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें, अन्यथा नियम तोडऩे वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।