12 नवंबर से पूरे शहर में दो दिन छोडक़र होगी पानी की सप्लाई

पिछले साल की तुलना में 9 इंच कम बारिश होने से जल स्रोतों का घटा स्तर

सीहोर। पिछले दो सालों से लगातार कम बारिश की मार झेल रहे सीहोर शहर पर इस बार अभी से जल संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मानसून की बेरुखी के कारण सीहोर विकासखंड में पिछले साल की तुलना में करीब 9 इंच कम बारिश दर्ज की गई है, जिसका सीधा असर शहर को प्यास बुझाने वाले प्रमुख जल स्रोतों पर पड़ा है।
आगामी गर्मियों तक पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पानी की बचत करने के लिए नगर पालिका ने जल प्रदाय के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। इसके तहत आगामी 12 नवंबर से पूरे शहर में दो दिन छोडक़र यानी हर तीसरे दिन पानी की सप्लाई की जाएगी।
नपा अध्यक्ष और सीएमओ ने जायजा लेकर लिया निर्णय
जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष सीहोर में 52.38 इंच बारिश दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा सिमटकर महज 43.48 इंच पर ही अटक गया है। बारिश की इस कमी के चलते शहर के जल स्रोतों में पानी का स्तर तेजी से कम हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और सीएमओ सुधीर कुमार सिंह ने शहर के तीनों प्रमुख जल स्रोतों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जलभराव की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह तय किया गया कि पानी को लंबे समय तक सहेजने के लिए दो दिन छोडक़र सप्लाई करना आवश्यक है।
प्रमुख जल स्रोतों का मौजूदा हाल
काहिरी बंधान पार्वती नदी: शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले इस बंधान का जल स्तर पिछले साल की तुलना में आधा मीटर कम हो गया है। नगर पालिका यहां से प्रतिदिन औसतन 40 से 50 लाख लीटर पानी लिफ्ट कर शहर को सप्लाई करती है।
भगवानपुरा तालाब: कम बारिश का सबसे सीधा और गंभीर असर इसी तालाब पर पड़ा है। यहां पानी का स्तर पिछले वर्ष के मुकाबले 1 से डेढ़ फीट तक नीचे चला गया है।
जमोनिया तालाब: बड़े जलभराव क्षेत्र वाले इस तालाब की स्थिति फिलहाल संतोषजनक और बेहतर है। यहां अभी 26 फीट पानी मौजूद है, जो पिछले साल 23 फीट की तुलना में 3 फीट अधिक है।
पानी चोरी रोकने 20 कर्मचारियों की टीम गठित
जल स्तर में आई गिरावट के बीच नगर पालिका के सामने सबसे बड़ी चुनौती अवैध जल दोहन को रोकना है। काहिरी बंधान, जमोनिया और भगवानपुरा तालाबों के कैचमेंट एरिया के साथ-साथ शाजापुर जिले की सीमा से लगे इलाकों में कई किसान सिंचाई के लिए अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं। यदि इस अवैध जल चोरी पर पूरी तरह रोक लग जाए तो शहर के लिए करीब 10 से 15 दिनों के अतिरिक्त पानी की बचत आसानी से की जा सकती है। अवैध लिफ्टिंग पर नकेल कसने के लिए नगर पालिका ने 20 कर्मचारियों की एक विशेष उडऩदस्ता टीम गठित की है। यह टीम काहिरी बंधान, भगवानपुरा, जमोनिया तालाब, सीवन नदी और सीटू नाले के तटीय क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है। नगर पालिका के सहायक यंत्री विजय कोली ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सिंचाई के लिए अवैध मोटर पंप चलाकर पानी चोरी करते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही मौके से जब्त किए गए मोटर पंपों को स्थायी रूप से राजसात कर लिया जाएगा, जिन्हें किसी भी सूरत में वापस नहीं लौटाया जाएगा।

Exit mobile version