राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की सौगात, 1.90 करोड़ की लागत से बनेगी खामलिया से मड़ी माता मंदिर अमरोद तज सडक़

सीहोर। इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। राजस्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक करण सिंह वर्मा के विशेष प्रयासों से ग्राम खामलिया से मड़ी माता मंदिर होते हुए अमरोद तज तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग के डामरीकरण निर्माण को मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसके लिए 1 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मंत्री श्री वर्मा के करकमलों से इसका भूमिपूजन व निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बता दें इस महत्वपूर्ण सडक़ निर्माण की सौगात दिलाने में जनपद सदस्य सुमन जितेंद्र भाटी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और क्षेत्रीय भाजपा पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही है। जितेंद्र भाटी ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और मंडल अध्यक्ष के साथ मिलकर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के समक्ष ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से रखा था और सडक़ निर्माण का आग्रह किया था। मंत्री श्री वर्मा ने ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल इस मार्ग की स्वीकृति प्रदान करवाई, जिस पर जितेंद्र भाटी सहित समूचे क्षेत्रवासियों ने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया है।
10 से 12 गांवों के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
जितेंद्र भाटी ने बताया कि खामलिया से माता मंदिर होते हुए अमरोद तक का यह डेढ़ किलोमीटर का हिस्सा कच्चा होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस मार्ग से क्षेत्र के करीब 10 से 12 गांवों के लोग जुड़े हुए हैं। यही रास्ता खामलिया सोसायटी को भी जोड़ता है, जहां किसान खाद.बीज लेने और अपनी फसल बेचने आते-जाते हैं। बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण किसानों का खेतों और सोसायटी तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था।
श्रद्धालुओं और छात्रों का आवागमन सुगम
क्षेत्र के सुप्रसिद्ध प्राचीन मड़ी माता मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही स्कूली बच्चों की बसें भी इसी रास्ते से गुजरती हैं। अब पक्की डामरीकृत सडक़ बनने से श्रद्धालुओं, छात्रों और किसानों का आवागमन पूरी तरह सुलभ हो जाएगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Exit mobile version