
सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अहमदपुर इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ लापता होने से हडक़ंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडि़त परिवार की बेटी ने जिला जनसुनवाई में आवेदन देकर अपने माता-पिता और भाई की तत्काल तलाश करने तथा पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
भोपाल निवासी शिकायतकर्ता किरन दांगी ने जनसुनवाई में दिए अपने आवेदन में बताया कि उनके पिता सुरेश दांगी, मां ओमवती दांगी और भाई राजेश दांगी बीते 3 नवंबर से रहस्यमयी तरीके से गायब हैं। तीनों सदस्य 24 अक्टूबर से अहमदपुर क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा स्थित अपनी जमीन पर रह रहे थे।
मामाओं पर संदेह और सबूत मिटाने के आरोप
शिकायतकर्ता किरन दांगी ने इस मामले के पीछे पारिवारिक जमीनी विवाद की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस रात उनके माता-पिता और भाई लापता हुए, उस समय जमीन पर उनके मामा डालचंद दांगी उर्फ डमरू और चंदन भी मौजूद थे, जिनसे परिवार का पुराना जमीनी विवाद चल रहा है।
दीवार पर नया रंग
दिए गए आवेदन में बताया कि लापता होने के ठीक अगले दिन घटनास्थल की एक दीवार पर लाल रंग पोता गया। युवती को संदेह है कि वहां मारपीट या कोई अनहोनी हुई है और खून या अन्य सबूतों को छिपाने के लिए दीवार पर रंग पोता गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनके छोटे मामा के पैर में चोट के निशान हैं और पट्टी बंधी हुई है जो संदेह को और गहरा करता है।
थाने में सुनवाई न होने पर जनसुनवाई में लगाई गुहार
पीडि़ता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में अहमदपुर थाने में गुमशुदगी और संदेह की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी तीनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजन किसी बड़ी अनहोनी को लेकर डरे हुए हैं। किरन दांगी ने प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम खाईखेड़ा स्थित घटनास्थल की तत्काल जांच कराई जाए और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएं, ताकि लापता परिजनों का जल्द से जल्द पता चल सके। बता दें यह सभी आरोपी पीडि़त युवती द्वारा जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के माध्यम से लगाए गए हैं।