
रेहटी। तहसील के ग्राम डोंगरी में खेत पड़ोसियों के बीच मेड़ पर पत्थर फेंकने से विवाद हो गया। विवाद इतना बड़ा कि आरोपियों ने फरियादी की मोटरसाइकिल पर भी टैक्टर चढ़ा दिया और अब जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। मामले में रेहटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार फरियादी सलीता बाई यदुवंशी पति अशोक यदुवंशी आयु 45 वर्ष निवासी डोंगरी ने रेहटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पति के साथ में खेत में काम कर रही थीं, तभी उनके खेत पड़ोसी राकेश यदुवंशी ने मेड़ पर पत्थर फेंक दिए। इस पर फरियादी के पति अशोक यदुवंशी ने आपत्ति ली तो राकेश यदुवंशी ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं। इसके बाद आरोपी राकेश यदुवंशी ने अपने भाई राजेश यदुवंशी, बेटे आदित्य एवं आशीष को भी खेत पर बुला लिया। सभी ने मिलकर फरियादी एवं उनके पति को गंदी-गंदी गालियां दीं एवं झूमाझटकी भी की। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी टैक्टर से कुचल दिया। इस मामले में रेहटी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 3(5), 324(4) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।