जयश्री गायत्री फूड्स के पूर्व सीईओ की रिमांड खत्म, आज कोर्ट में पेशी

सीहोर। डेयरी उत्पादों में मिलावट और फर्जी लैब रिपोर्ट के जरिए करोड़ों रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग करने के मामले में गिरफ्तार जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के पूर्व सीईओ सुनील त्रिपाठी की ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) रिमांड आज मंगलवार 28 अप्रैल को पूरी हो रही है। ईडी उन्हें शाम 4 बजे विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करेगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जांच में सामने आया है कि जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स बड़े स्तर पर डेयरी उत्पादों में मिलावट कर रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि कंपनी फर्जी लैब रिपोर्ट तैयार करवाकर इंदौर की एक्सपोर्ट इंस्पेक्शन एजेंसी से क्लियरेंस लेती थी और फिर इन्हीं मिलावटी उत्पादों को विदेशों में सप्लाई किया जाता था। इस पूरे फर्जीवाड़े के जरिए करीब 20.59 करोड़ रुपए की अवैध कमाई की गई, जिसे बाद में अलग-अलग बैंक खातों के जरिए घुमाया गया (मनी लॉन्ड्रिंग)।
पूर्व सीईओ त्रिपाठी की मुख्य भूमिका
ईडी के अनुसार सुनील त्रिपाठी जब कंपनी में सीईओ थे, तब वे फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने और एक्सपोर्ट की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करने में मुख्य भूमिका निभा रहे थे। वह लंबे समय से जांच एजेंसी के समन और नोटिस से बच रहे थे, जिसके बाद 20 अप्रैल को उन्हें गिरफ्तार किया गया। इससे पहले वडोदरा में उनके ठिकाने से अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए गए थे।
डायरेक्टर किशन मोदी पहले से ही जेल में
इस मामले में जयश्री गायत्री फूड्स के मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी को ईडी ने 13 मार्च को ही गिरफ्तार कर लिया था। वे फिलहाल जेल में हैं। ईडी अब तक इस मामले से जुड़ी 20.59 करोड़ रुपए की संपत्तियां भी अटैच कर चुकी है। आज कोर्ट में पेशी के बाद यह तय होगा कि त्रिपाठी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा या ईडी उनकी और रिमांड मांगेगी।

Exit mobile version