रेहटी पुलिस ने नाबालिग बालिका को किया दस्तयाब, आरोपी सलाखों के पीछे

सीहोर। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा जिले में गुमशुदा नाबालिगों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान मुस्कान के तहत रेहटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है, वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 20 अप्रैल को रेहटी थाने में एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उसकी 16 साल की नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस प्लानिंग से धराया आरोपी
एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विक्की विश्वकर्मा निवासी हबीबनगर लोदावड़ थाना भैरूंदा के कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। वहीं आरोपी विक्की विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे, उपनिरीक्षक महेश सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक जयनारायण, आरक्षक अभिषेक यादव, राम शर्मा, महिला आरक्षक निकिता और सीहोर साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही।



