
सीहोर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से करीब 22 लोगों की मौत हो गई है। अब सागर जैसे हादसे का इंतजार सीहोर में भी है, क्योंकि सीहोर जिले में भी अवैध शराब का कारोबार गांव-गांव में फलफूल रहा है। किराना दुकानों से लेकर घर-घर से अवैध शराब बेची जा रही है। सागर में इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी सीहोर जिले में अवैध शराब को लेकर आबकारी विभाग का रवैया ढुलमुल है। जिम्मेदार जबाव देने को तैयार नहीं हैं। इधर पुलिस ने एक बार फिर से अवैध शराब पर सख्ती दिखाई है और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थानों को निर्देशित किया है कि उनके थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री न हो। पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब की धरपकड़ की जा रही है।
सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेशभर सहित सीहोर जिले में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने का दावा करने वाले जिम्मेदारों पर सवाल उठे हैं। दरअसल सीहोर जिले में कई बार अवैध शराब को लेकर आवाज बुलंद हुई, लेकिन जिम्मेदारों ने यह कहकर मामले को रफा-दफा कर दिया कि सीहोर में अवैध शराब की बिक्री नहीं हो रही है। हालांकि जिले के गांव-गांव, ढाबों सहित किराना दुकानों पर आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है। बाजार मूल्य से कम कीमत पर मिल रही शराब के कारण घरों का सुख-चैन भी छिन गया है। युवा सहित सभी वर्ग के पुरूष शराब के नशे में घरों में झगड़ा करते हैं, जिससे महिलाओं का जीवन बेहद कठिनाइयों भरा हो गया है।
तेजी से बढ़ रही शराब की बिक्री-
सीहोर जिले में शराब की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। हालांकि शराब की दुकानें तय लक्ष्य से कम कीमत पर नीलाम हो रही है। इस बार भी सीहोर जिले में तय लक्ष्य से कम राजस्व की प्राप्ति हुई है, लेकिन शराब की बिक्री में कमी नहीं आई है। सीहोर जिलेभर में अवैध शराब का बड़ा कारोबार है। जिलेभर के गांव-गांव में किराना दुकानों, घर-घर एवं ढाबों पर आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है।
पुलिस ने दिखाई सख्ती, लगातार हो रही कार्रवाई-
सीहोर जिले में आबकारी विभाग देशी शराब पर कार्रवाई करके खानापूर्ति जरूर करता है, लेकिन सख्ती के साथ विभाग की कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ऐसे समय में पुलिस ने जरूर सख्ती दिखाई है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई अवैध शराब को लेकर लगातार चल रही है। पिछले दिनों सीहोर जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की बड़ी-बड़ी कार्रवाई हुई, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब भी बरामद की गई। अब जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थानों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद हो।
शराब दुकानों ने नियमों को दिखाया ढेंगा-
सीहोर जिले में चल रही शराब दुकानों ने भी नियमों को ढेंगा दिखाया है। नियमानुसार शराब की दुकानें मुख्य मार्ग से 200 मीटर दूरी होनी चाहिए, लेकिन सीहोर जिले में कई कम्पोजिट दुकानें सड़क किनारे संचालित हो रही है। ऐसे में आए दिन यहां हादसे भी हो रहे हैं। शराब दुकानों में अहाते बंद हैं, लेकिन सीहोर जिले में कई शराब दुकानों में अहाते भी चलाए जा रहे हैं। इसकी जानकारी भी जिम्मेदारों को है, लेकिन वे कार्रवाई करने से बच रहे हैं।
जिला आबकारी अधिकारी ने नहीं दिया जबाव-
इस संबंध में चर्चा करने के लिए जिला आबकारी अधिकारी दीप सिंह राठौर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया।
इनका कहना है-
सीहोर जिले में पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब पर कार्रवाई की जा रही है। हमने सभी थानों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगाएं, जांच करें और सख्ती भी बरतें। सीहोर जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
– डाॅ. प्रशांत चैबे, एएसपी, सीहोर