अबाकस में सीहोर के बच्चों का कमाल, 4 मिनट में हल किए 100 सवाल, अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लहराएंगे परचम

सीहोर। शहर के होनहार बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शहर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। अमरावती महाराष्ट्र में आयोजित हुई राष्ट्रीय अबेकस प्रतियोगिता में स्मार्ट किट अबेकस संस्था के बच्चों ने अपने असाधारण गणितीय कौशल से सबको हैरान कर दिया। इन बच्चों ने बिना किसी कैलकुलेटर की मदद के महज 4 मिनट में 100 कठिन सवालों को पलक झपकते ही हल कर दिया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर अब इन बच्चों का चयन आगामी दिनों में पुणे में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय अबेकस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर की इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में सीहोर के मोक्ष गर्ग ने अपनी श्रेणी (लेवल 6) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और चैंपियन बने। मोक्ष के अलावा संस्था के अन्य प्रतिभावान छात्रों (वेदांश रैकवार, रीशांत परमार, वरदान राठौर, अनीदीप बाटव और अक्षांश रैकवार) ने भी 17वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाया। इन सभी 6 बच्चों का चयन अब अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहां वे वैश्विक मंच पर भारत और सीहोर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एकाग्रता और मानसिक क्षमता का अनूठा उदाहरण
संस्था की संचालक शिखा बोरा ने बच्चों की इस अविश्वसनीय सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बच्चों का यह प्रदर्शन वास्तव में बेहद शानदार और गौरवमयी है। इतने बड़े मंच पर भारी दबाव के बीच मात्र 4 मिनट में 100 सवालों को बिना किसी कैलकुलेटर के दिमागी तौर पर हल करना कोई मामूली बात नहीं है। यह बच्चों की उत्कृष्ट मानसिक क्षमता, कड़ी मेहनत और असाधारण एकाग्रता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये बच्चे पुणे में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी सफलता का परचम लहराएंगे।
ऑनलाइन परीक्षा में भी चमके सीहोर के सितारे
अमरावती में सीधे तौर पर शामिल होने वाले बच्चों के साथ-साथ संस्था के कई अन्य बच्चों ने ऑनलाइन माध्यम से इस परीक्षा में भाग लिया और अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी। ऑनलाइन एग्जाम में शानदार प्रदर्शन कर सीहोर का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों में अद्वैत यादव, प्रथम रोहिला, तानिया अग्रवाल, दृष्टि चौधरी और अक्षिता चौधरी शामिल हैं। बच्चों की इस राष्ट्रीय सफलता और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर शहर के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और परिजनों ने बच्चों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



