अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सीहोर पुलिस की बुजुर्गों को सौगात
- दवा, पैथोलॉजी, किराना से लेकर रेस्टोरेंट के संचालक बुजुर्गों की मदद के लिए आगे आए

सीहोर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सीहोर पुलिस ने बुजुर्गों को कई सौगात दी है। दरअसल सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में गठित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत से चार संस्थानों ने एमओयू (अनुबंध) किए हैं। विभिन्न संस्थानों से किए गए एमओयू के तहत अब सीनियर सिटीजन पंचायत के सभी सदस्यों को उक्त सस्थानों में अपना परिचय पत्र दिखाने पर डिस्काउंट प्रदान किया जाएगा। किए गए एमओयू में प्रदीप अश्विनी मालवीय, वैष्णवी पैथौलॉजी ने सभी पैथौलॉजी संबंधी खून, पेशाब, अन्य जांचों पर 30 प्रतिशत, प्रवीण तिवारी राशा रेस्टोरेंट भोपाल नाका सीहोर में सभी आइटम पर 10 प्रतिशत, गोपी किशन चांडक जीसी मार्ट पवार हाउस चौराहा सीहोर द्वारा सभी किराना सामान पर 5 प्रतिशत तथा गोविन्द झंवर बालाजी केमिष्ट हॉस्प्टिल के सामने सीहोर ने दवाइयों पर (जहां संभव हैं) 10 प्रतिशत छूट प्रदान करने हेतु स्वेच्छा से सहमति प्रदान कर एमओयू किया है। ज्ञात रहे कि पुलिस अधीक्षक सीहोर के निर्देश पर गठित सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत के परिचय पत्र 60 वर्ष से अधिक के सभी महिला, पुरूष के बनाए जा सकते हैं। उक्त कार्ड बनवाने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एक निःशुल्क फार्म प्राप्त कर आधार, आयु प्रमाण-पत्र की प्रति के साथ जमा करने पर उक्त परिचय पत्र निःशुल्क प्रदान किया जाता है। पंचायत की प्रति बुधवार सुनवाई में बुजुर्गों की समस्याओं का सामाधान किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सीहोर पुलिस द्वारा वृद्धजन के सुरक्षा सेवा और सम्मान के प्रति अपना ढृढ़ निश्चय व्यक्त किया है।



