भीषण गर्मी की चपेट में सीहोर, मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

सीहोर। जिले में मौसम ने पूरी तरह से करवट बदल ली है और अब पूरा सीहोर भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू की चपेट में है। सोमवार को सीजन में पहली बार सीहोर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सडक़ों पर सन्नाटा पसरने लगा है। पिछले साल के मुकाबले इस बार जिले में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी महसूस की जा रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसी के मद्देनजर मौसम विभाग ने आज मंगलवार को भी सीहोर जिले के लिए लू की चेतावनी जारी की है। सूरज के तीखे तेवरों के कारण पूरा जिला इस समय भट्टी की तरह सुलग रहा है, जिससे दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी भारी उछाल आया है।
दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलें
मौसम विभाग ने जिले के नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप और लू का असर सबसे ज्यादा खतरनाक रहेगा। ऐसे में जिलेवासियों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। अगले तीन दिनों तक जिले में इसी तरह भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की आशंका है।
15 दिन पानी गिरने के बाद अचानक बढ़ी तपन
जिले में इस बार मई महीने की शुरुआत बेहद अजीब रही थी। 30 अप्रैल से शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर लगातार देखने को मिला था। मई के शुरुआती 18 दिनों में से करीब 15 दिन सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और चक्रवात के कारण हवा आंधी और बारिश होती रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत थी।



