सीहोर में प्री.मानसून की बंपर शुरुआत, कोटे से कहीं ज्यादा बरसा पानी, आज खिली रहेगी तेज धूप

सीहोर। मध्य प्रदेश में इस साल मानसून के थोड़ा कमजोर रहने के आसार जताए जा रहे हैं, लेकिन सीहोर जिले में प्री.मानसून की शुरुआत धमाकेदार रही है। मौसम विभाग के अनुसार जहां एक ओर प्रदेश के 47 जिलों में इस बार सामान्य से कम 90 से 95 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान जताया गया है, वहीं दूसरी ओर मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही सीहोर जिले में प्री-मानसून की बंपर बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 9 जून के बीच प्रदेश के जिन 14 जिलों में कोटे से 100 प्रतिशत से लेकर 672 प्रतिशत तक ज्यादा पानी बरसा है, उनमें सीहोर जिला प्रमुखता से शामिल है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस शुरुआती अवधि में ही सीहोर में औसत से कहीं ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे खरीफ फसलों सोयाबीन और मक्का की बोवनी की तैयारियों में जुटे किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
आज तेज धूप और गर्मी का रहेगा असर
प्री-मानसून की इस अच्छी बारिश के बाद फिलहाल आज सीहोर में मौसम साफ बना हुआ है। आज सुबह से ही जिले में तेज धूप खिली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जाने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रह सकता है। हवाएं पश्चिम दिशा से करीब 11 से 12 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। दिन में बारिश की संभावना केवल 15 प्रतिशत है, जिसके चलते उमस और गर्मी का असर देखा जा सकता है।

Exit mobile version