
सीहोर। कांग्रेस के दिग्गज एवं वरिष्ठ नेताओं में इन दिनों अपनी साख बचाने और बनाने की होड़ लगी हुई है। यही कारण है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने हिसाब से अपनी-अपनी राजनीति करने में लगे हुए हैं। इन नेताओं के लिए सीहोर केंद्र बना हुआ है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि एक तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी साइकिल यात्रा लेकर 14 जुलाई को सीहोर जिले में प्रवेश कर रहे हैं एवं 15 जुलाई को वे सीहोर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां पर उनका स्वागत, सत्कार होगा तो वहीं सभा भी होगी। इसके अगले दिन 16 जुलाई को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल भैया का कार्यक्रम भी सीहोर के लिए तय हुआ है। वे यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। अलग-अलग दौरों को लेकर कांग्रेस द्वारा कहा जा रहा है कि यह सारी कवायद कांग्रेस संगठन को मजबूती देने के लिए की जा रही है।
क्या पटवारी की साइकिल का साथ निभा पाएंगे सीहोर के कांग्रेसी-
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकलने जा रही दो दिवसीय युवा स्वाभिमान यात्रा प्रदेश के युवाओं, छात्रों और किसानों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से शुरू हो रही। इस साइकिल यात्रा को लेकर जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं सीहोर के राजनीतिक हलकों में एक बेहद दिलचस्प चर्चा आम हो गई है। चर्चा यह है कि जिले के कितने कांग्रेसी नेता पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की तरह फिट हैं और उनके साथ लगभग 100 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर भोपाल की अंतिम सीमा तक साथ निभा पाएंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इंदौर, देवास और सोनकच्छ से होते हुए यह साइकिल यात्रा 14 जुलाई को सीहोर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। पहले दिन यह यात्रा दौलतपुर, सरहद्दी, मेहतवाड़ा, जावर जोड़ और डोडी होते हुए आष्टा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान जावर जोड़ पर ग्रामीण छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर एक सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके बाद आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद होगा, जिसके बाद यात्रा का रात्रि विश्राम आष्टा में ही रहेगा। अगले दिन 15 जुलाई को यह यात्रा कोठरी से चलकर अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर, इंदौर नाका, बढयिाखेड़ी और लीसा टॉकीज चैराहा होते हुए दोपहर तक सीहोर जिला मुख्यालय के कोतवाली चैराहा पहुंचेगी। यहां एक विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
यात्रा के अगले ही दिन आएंगे अजय सिंह-
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की दो दिवसीय साइकिल यात्रा के ठीक अगले दिन यानी 16 जुलाई को पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल भैया सीहोर आ रहे हैं। वे यहां जिला कांग्रेस कार्यालय पर सुबह 10 बजे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने बताया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती की अध्यक्षता में न्यू बस स्टैंड स्थित कार्यालय पर यह भव्य कार्यक्रम होगा। इसमें अजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे वरिष्ठ नेताओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर बात करेंगे। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाना है। जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती और शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव ने जिले के सभी ब्लॉक, नगर, मंडलम और सेक्टर प्रभारियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में समय पर पहुंचकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।



