सिद्दीकगंज क्षेत्र में भीषण सडक़ हादसा, अनियंत्रित होकर कार दुर्घटनाग्रस्त, 4 घायल

सीहोर। सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाचरोद स्थित पप्पू ढाबे के पास मेन रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। खंडवा से भोपाल जा रही एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार 04 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुँचकर त्वरित कार्रवाई की और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई थी कि खाचरोद के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उसमें सवार लोगों को तत्काल पुलिस और मेडिकल सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही भोपाल कंट्रोल रूम ने बिना समय गंवाए सिद्दीकगंज थाने में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया।
डायल-112 के जवानों ने दिखाई मुस्तैदी
सूचना मिलते ही एफआरवी पर तैनात आरक्षक जीतेन्द्र मीणा और पायलट देवराज वर्मा कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि कार अनियंत्रित होकर बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार 04 लोग घायल अवस्था में थे, जो खंडवा से भोपाल की ओर यात्रा कर रहे थे।
घायलों को कराया आष्टा अस्पताल में भर्ती
डायल-112 के जवानों ने सभी घायलों को प्राथमिक सुरक्षा के साथ एफआरवी वाहन में बैठाया और तत्काल सिविल अस्पताल आष्टा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।



