जर्जर सडक़ पर मुंडन, भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस नेता का अनोखा विरोध

सीहोर। जिला मुख्यालय पर भ्रष्टाचार और खराब निर्माण कार्य के विरोध का एक अनूठा मामला सामने आया है। सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाली से नाराज कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने सडक़ पर ही बैठकर मुंडन कराया और शासन-प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर से श्यामपुर तक लगभग 28 किलोमीटर लंबी इस सडक़ का निर्माण करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। निर्माण के समय यह दावा किया गया था कि यह प्रदेश की पहली ऐसी सडक़ है जो एफडीआर तकनीक से बनी है। अधिकारियों ने तर्क दिया था कि इस तकनीक से सडक़ की लागत कम आती है और इसकी मजबूती आम सडक़ों से दोगुनी होती है। लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट निकली और महज एक साल के भीतर ही सडक़ जगह-जगह से उखड़ गई।
भ्रष्टाचार का जीता-जागता प्रमाण
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सडक़ की वर्तमान स्थिति निर्माण में हुए भारी भ्रष्टाचार की कहानी खुद बयां कर रही है। उन्होंने कहा यह सडक़ सीहोर के शहरी और ग्रामीण इलाकों को जोडऩे वाली मुख्य कड़ी है। शाजापुर और राजगढ़ जाने वाले हजारों लोग रोज यहां से गुजरते हैं। सडक़ जर्जर होने के कारण आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, लेकिन दोषियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
जल्द हो कठोर कार्रवाई
पंकज शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस गुणवत्ताहीन कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अंदेशा जताया कि इतनी बड़ी गड़बड़ी के बावजूद कार्रवाई न होना बड़े लोगों की मिलीभगत की ओर इशारा करता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द सजा नहीं मिली तो पार्टी आने वाले समय में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में पंकज शर्मा के साथ सतीश दरोठिया, जय सिंह भारती, राजेश रैकवाल, अरुण मालवीय, हर्ष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Exit mobile version