एसपी सक्सेना की दो-टूक, श्रद्धालुओं से हो शालीनता भरा व्यवहार, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में तैनात बल को एसपी ने किया ब्रीफ, सीवन नदी घाट व कुबेरेश्वर धाम का लिया जायजा

सीहोर। 25 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। रविवार को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था में तैनात किए गए समस्त पुलिस बल और सहयोगी विभागों के कर्मचारियों को एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने ब्रीफिंग के दौरान साफ और कड़े शब्दों में हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान आमजन और देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ हर पुलिसकर्मी का व्यवहार अत्यंत विनम्र, सहनशील और शालीन होना चाहिए।
एसपी सक्सेना ने अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैद रहने का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि यात्रा मार्ग और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक व आपराधिक तत्वों पर पैनी और बवदजपदनवने निगरानी रखी जाए। कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाली महिला श्रद्धालुओं और बच्चियों की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कांवडिय़ों का आवागमन बिना किसी रुकावट के चलता रहे। इसके लिए हाईवे, मुख्य मार्ग और डायवर्जन रूटों पर नियमित रूप से मोबाइल पेट्रोलिंग की जाए। फिक्स पिकेट्स पर तैनात जवान अपने निर्धारित पॉइंट और आसपास के क्षेत्र पर अत्यधिक सतर्कता व सूक्ष्म निगाह रखें। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी आज से ही अपने ड्यूटी स्थल, समय और संबंधित सेक्टर प्रभारी की जानकारी स्पष्ट रूप से प्राप्त कर पूरी गंभीरता से जिम्मेदारी संभालें।
सीवन नदी घाट और कुबेरेश्वर धाम का किया निरीक्षण
ब्रीफिंग समाप्त होते ही एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ सीवन नदी घाट और कुबेरेश्वर धाम का दौरा किया। उन्होंने धाम परिसर में स्थित विशाल भोजनशाला, शिला परिसर, पार्किंग स्थल और अन्य नागरिक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-नर्देश दिए।

3 दिन प्रभावी रहेगा त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
कांवड़ यात्रा के दौरान 23 से 25 अगस्त तक सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रहेगी। संपूर्ण बल को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर ड्यूटीवार प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ बाहरी जिलों से आया पुलिस बल, होमगार्ड, एसडीआरएफ, वन विभाग, आबकारी विभाग, कोटवार और सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स भी व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करेंगे। ब्रीफिंग व निरीक्षण के दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version