
सीहोर। कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठन को मजबूती देने के लिए लगातार संगठनात्मक नियुक्तियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा भी नियुक्तियां की गईं हैं, जिनमें बुधनी विधानसभा के कद्दावर नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के समधी धनकोट निवासी ठाकुर अनूप सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह जारी सूची में युवा एवं जुझारू नेता अनिरूद्ध दुबे एवं वरिष्ठ नेता प्रेम गुप्ता को प्रदेश सचिव बनाया गया है। सूची में सीहोर से अवधेश चौहान का नाम भी शामिल है। प्रदेश कांग्रेस में बुधनी निवासी धर्मेंद्र सिंह चौहान पहले से ही प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हैं। कांग्रेस ने इस बार संगठनात्मक नियुक्तियों में बुधनी विधानसभा को तवज्जो दी है। इधर प्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा की गई नियुक्तियों में रेहटी ब्लॉक से युवा नेता सोयत निवासी संतोष पटेल को अध्यक्ष बनाया गया है।
सीहोर जिले में जिला कांग्रेस कमेेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती भले ही जिला कार्यकारिणी घोषित करने में नाकाम साबित हो रहे हैं, लेकिन अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा की गई नियुक्तियों में सीहोर जिले को तवज्जो दी गई है। यही कारण है कि अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा की गई नियुक्तियों में कई ऐसे नामों को जिम्मेदारियां दी गईं हैं, जो वर्षों से कांग्रेस पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब उन्हें पदों पर बैठाया गया है।
युवाओं के साथ अनुभव को प्राथमिकता-
अभा किसान कांग्रेस द्वारा जारी की गई सूची में युवाओं के साथ ही अनुभवी नेताओं को भी जिम्मेदारियां दी गईं हैं। सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा के सलकनपुर निवासी जुझारू युवा नेता अनिरूद्ध दुबे को प्रदेश सचिव बनाया गया है। वे खाटी कांग्रेस परिवार से हैं तो वहीं किसानों के लिए लंबे समय से संघर्ष भी कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा भी लेते हैं। किसान कांग्रेस में उनकी नियुक्ति से कांग्रेस पार्टी को बुधनी विधानसभा के साथ ही प्रदेश में भी मजबूती मिलेगी। इसी तरह अनुभवी एवं कद्दावर नेता ठाकुर अनूप सिंह की नियुक्ति से युवाओं को अनुभव मिलेंगे। ठाकुर अनूप सिंह विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के समधी हैं। हालांकि ठाकुर अनूप सिंह के पुत्र ठाकुर नीरज सिंह भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। वे संघ विचारधारा भी रखते हैं।
55 वर्षों से कर रहे कांग्रेस पार्टी की सेवा-
अभा किसान कांग्रेस में प्रदेश सचिव बनाए गए रेहटी ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष प्रेम गुप्ता पिछले करीब 55 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की सेवा में लगे हुए हैं। वे वर्ष 1976 में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रहे तो वहीं वे फरवरी-1976 में भोपाल में हुई संजय गांधी की रैली में भी शामिल हुए। वर्ष 1978 में इंदिरा गांधी के साथ भोपाल में जेल भरो आंदोलन में भी 51 कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार हुए। वे सेवादल प्रमुख के पद पर भी रहे तो पार्टी ने उन्हें वर्ष 1985 में बुधनी ब्लॉक का महामंत्री बनाया। वे जिला कांग्रेस महामंत्री के पद पर भी रहे। बुधनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं की नियुक्ति पर राधाकिशन नागर, विष्णु पंसारी, उमाशंकर नागर, विक्रम मस्ताल शर्मा, बसंत मालवीय, अनूप पटेल, सुमित माहेश्वरी, धीरज माहेश्वरी सहित कई नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बधाई, शुभकामनाएं दी हैं।
संतोष पटेल को बनाया रेहटी ब्लॉक अध्यक्ष-
संगठनात्मक नियुक्तियों की फेहरिस्त में युवा नेता सोयत निवासी संतोष पटेल को रेहटी ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें यह जिम्मेदारी देते हुए उन पर भरोसा जताया है। संतोष पटेल कांग्रेस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वे कांग्रेस के आंदोलन के साथ ही किसानों के अधिकारों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। किसानों की आवाज को दमदार तरीके से उठाते हैं, क्योंकि वे खुद भी किसान परिवार से हैं। वे किसानों की समस्याओं को समझते हैं। अब उन्हें रेहटी ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति पर ग्राम सोयत के निवासियों सहित क्षेत्र के लोगों में हर्ष व्याप्त है। उन्हें वरिष्ठ नेताओं सहित क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।