
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी मंडल सलकनपुर द्वारा भाजपा कार्यालय रेहटी में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन को प्रेरणादायी बताया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे, जिन्हें 17 भाषाओं का ज्ञान था और उन्होंने अनेक उच्च डिग्रियां प्राप्त कर देश को सशक्त संविधान प्रदान किया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शोषित, वंचित, दलित, आदिवासी एवं पिछड़े सर्वहारा वर्ग के अधिकारों की रक्षा और उन्हें समाज में सम्मान दिलाने के लिए समर्पित कर दिया।
वक्ताओं ने आगे कहा कि भारतीय संविधान में प्रदत्त अधिकारों के कारण आज देश का प्रत्येक नागरिक समानता और स्वाभिमान के साथ जीवन यापन कर रहा है। बाबा साहब के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और उनके सिद्धांतों पर चलकर ही एक सशक्त एवं समतामूलक भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि सेनजी महाराज की 726वीं जयंती भी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दलित एवं आदिवासी समाज के कार्यकर्ताओं का वरिष्ठ जनों द्वारा स्वागत कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र पटेल, रामगोपाल टेलर, केशव चौहान, अनार सिंह चौहान, मनोहर लाल महेश्वरी, दुर्गेश सोनी, राजीव शर्मा, भागीरथ मंडलोई, रामसिंह चौधरी, रामविलास भाई, संदीप चौहान, विनोद नागर, महेश हरियाले, पप्पू भैया, अतुल सेन, मुकेश सेन, भरत पटेल, संग्राम सिंह, कामेंद्र सेन, चेनसिंह वर्मा, साजिद खान, अशोक मेहरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।