बाढ़ प्रभावितों के हक के लिए 19 अगस्त को कांग्रेस निकालेगी राहत पैकेज पदयात्रा

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के करीब चार दर्जन गांवों में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों को राहत दिलाने और न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस मैदान में उतरने जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में 19 अगस्त को अहमदपुर से श्यामपुर तक राहत पैकेज पदयात्रा निकाली जाएगी।
बाढ़ के कारण क्षेत्र के अनेक परिवारों के मकान, फसलें, अनाज, दुकानें और पशुधन बह गए हैं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। कांग्रेस इस पदयात्रा के जरिए प्रभावित परिवारों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का प्रयास करेगी।
दो चरणों में आयोजित होगी पदयात्रा
पदयात्रा की रूपरेखा तय करते हुए बताया गया कि यात्रा का पहला चरण 19 अगस्त को सुबह 9 बजे अहमदपुर से शुरू होगा, जो वनखेड़ा और चरनाल पहुंचेगा, जहां अल्प विश्राम रहेगा। इसके बाद पदयात्रा का दूसरा चरण दोपहर 12 बजे छतरी से प्रारंभ होकर सोठी होते हुए श्यामपुर पहुंचेगा।
श्यामपुर तहसील कार्यालय का करेंगे घेराव
पदयात्रा का समापन दोपहर 2 बजे श्यामपुर तहसील कार्यालय पर होगा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता और बाढ़ प्रभावित ग्रामीण मिलकर तहसील कार्यालय का घेराव करेंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से मांग की जाएगी कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को त्वरित विशेष राहत पैकेज दिया जाएए सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का उचित मुआवजा और हर संभव सहायता प्रदान की जाए। जिला कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र के बाढ़ पीडि़तोंं, किसानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में इस पदयात्रा में शामिल होकर प्रभावितों के हक की आवाज बुलंद करने की अपील की है।



