बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं, इनकी सेवा ईश्वर की सेवा है : आलोक शर्मा

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा कार्य एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को संकल्प वृद्धाश्रम सीहोर में वृद्धजनों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वृद्धजनों का पुष्पाहार पहनाकर व उपहार भेंट कर सांसद आलोक शर्मा द्वारा सम्मान किया गया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भोपाल सांसद आलोक शर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भोपाल की दिव्यांग गायिका फाल्गुनी पाठक ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति दी। इसके बाद भोपाल की नाट्य मंडली द्वारा सामाजिक संदेश पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि हमारे माता-पिता अपने जीवन में अनेक कठिनाइयां सहकर हमारा पालन-पोषण करते हैं। इसलिए हमारा भी दायित्व है कि हम उनके प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने कहा कि भारत में जब संयुक्त परिवार की परंपरा मजबूत थी, तब वृद्धाश्रमों की आवश्यकता नहीं होती थी, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव और संयुक्त परिवारों के विघटन के कारण वृद्धाश्रमों की संख्या बढ़ रही है। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी हमारे परिवार और समाज की धरोहर हैं। उनका सम्मान और सेवा करना हमारा कर्तव्य है। ये हमारे ऊपर कोई बोझ नहीं, बल्कि ईश्वर का ऐसा आशीर्वाद हैं, जिसकी सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजनों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि हम सभी आज से यह संकल्प लें कि वृद्धाश्रम में रहने वाले इन वृद्धजनों को अपने परिवार का हिस्सा मानकर उनकी सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने जन्मदिन एवं अन्य अवसरों पर अनावश्यक बैनर-पोस्टर लगाने के बजाय इन वृद्धजनों की सेवा को प्राथमिकता दें तथा उन्हें जिन वस्तुओं की आवश्यकता हो, उनकी पूर्ति में सहयोग करें। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा एवं विधायक सुदेश राय ने भी संबोधित किया। संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक राहुल सिंह ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता सन्नी महाजन, सीताराम यादव, राजकुमार गुप्ता, सुरेंद्र मेवाड़ा, रवि नागले, प्रितेश राठौर, सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



