
सीहोर। जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भक्ति और आस्था का सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के बुजुर्गों को 13 जून से 18 जून तक वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इस यात्रा का लाभ उठाने के इच्छुक पात्र नागरिक 30 मई तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई है। इच्छुक नागरिक विभागीय वेबसाइट dharmaswa.mp.gov.in से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन केवल पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन दर्ज किए जा सकेंगे। यदि निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो पारदर्शी व्यवस्था के तहत कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से भाग्यशाली तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा।
सहायक साथ ले जाने के नियम
बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए योजना में सहायक ले जाने के विशेष प्रावधान किए गए हैं यदि आवेदक की आयु 65 वर्ष से अधिक है और वह अकेले यात्रा कर रहा है तो वह अपने साथ एक सहायक ले जा सकता है। यदि 3 से 5 व्यक्तियों का समूह है और सभी की आयु 65 वर्ष से अधिक है तो उस समूह को भी एक सहायक साथ ले जाने की अनुमति होगी। यदि पति-पत्नी एक साथ यात्रा कर रहे हैं तो उन्हें अलग से सहायक ले जाने की पात्रता नहीं होगी।
पात्रता की शर्तें
– आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
– आवेदक मध्य प्रदेश (सीहोर जिला) का मूल निवासी हो।
– वह आयकर दाता न हो और पूर्व में इस योजना का लाभ न लिया हो।