Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

छठ महापर्व संपन्न, सीवन नदी के तट पर गूंजे छठी मइया के गीत, उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का व्रत

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया लोक आस्था का महापर्व, ठेकुआ और ऋतु फलों से सजे सूप लेकर घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

सीहोर। लोक आस्था, अटूट विश्वास और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। जिला मुख्यालय पर स्थित सीवन नदी घाट पर तडक़े से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा था। ठंडे पानी के बीच खड़े होकर व्रतियों ने सूर्य भगवान और छठी मैया की विधि-विधान से आराधना की।
सोमवार की भोर से ही सीवन नदी घाट का पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। व्रतियों ने कमर तक पानी में खड़े होकर उदित होते सूर्य देव को जल और गाय के कच्चे दूध का अघ्र्य अर्पित किया। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का कठिन और निर्जला उपवास भी सफलतापूर्वक पूरा हो गया। सूर्य उपासना के बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद ग्रहण किया और अपने पूरे परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। इस दौरान घाट पर गूंज रहे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण संगीतबद्ध और गुंजायमान हो उठा।
ठेकुआ और ऋतु फलों से सजे सूप
महापर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने बांस से बने सूप में पारंपरिक ठेकुआ महाप्रसाद, केला, नारियल, विभिन्न ऋतु फल, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री बेहद कलात्मक तरीके से सजाई थी। जैसे ही आसमान में सूरज की पहली किरण बिखरी, घाटों पर अघ्र्य देने का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद व्रतियों ने आपस में और परिजनों को प्रसाद वितरित किया।
नहाय-खाय से शुरू हुआ था अनुष्ठान
आस्था के इस चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर को खरना के पावन अवसर पर व्रतियों ने शाम को खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया था, जिसके बाद से ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ हो गया था। इस महापर्व की श्रृंखला के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को डाला छठ पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी डूबते सूर्य को पहला अघ्र्य दिया था और सोमवार को उगते सूर्य की वंदना के साथ इस महान अनुष्ठान का समापन हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button