Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

विधायक बोले, पूरे शहर की ऐसी-तैसी कर दी, काम बंद करो

सीहोर। अमृत योजना 2.0 के तहत शहर में चल रहे सीवेज निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमानी को लेकर विधायक सुदेश राय का गुस्सा फूट पड़ा। सीवन नदी तट स्थित हरे-भरे सुंदरबन के पास सोमवार रात पोकलेन और जेसीबी चलाकर उजाड़ा जा रहा था। नागरिकों की सूचना पर विधायक सुदेश राय खुद देर रात मौके पर पहुंचे और सीवेज कंपनी का काम तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। विधायक ने मौके से ही नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह को फोन लगाकर ठेकेदार पर जुर्माना ठोकने और पूरे शहर में सीवेज के सभी काम तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए।
बता दें सुंदरवन क्षेत्र में सीवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों के जरिए सीवन नदी में रात के अंधेरे में अवैध खुदाई की जा रही थी। शिकायत मिलते ही विधायक राय ने मौके पहुंचे और मशीन ऑपरेटरों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने सख्त लहजे में कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा मशीन बंद करो, बाहर निकालो, इधर आओ, तुम लोगों को ऐसे समझ नहीं आएगी। जब पांच दिन पहले सीएमओ साहब ने स्पष्ट मना किया था तो तुमने किससे पूछकर काम चालू रखा। अभी तीन दिन मेरी विधानसभा है, इसके बाद आओ मेरे पास। पूरे शहर की ऐसी-तैसी कर रखी है। मैं सपोर्ट कर रहा हूं, इसके बाद भी तुम लोग नहीं सुन रहे हो। अक्षय से बोलो तुरंत मुझसे मिले। सीएमओ साहब, इनके सारे काम बंद करवाओ, पूरा भ्रष्टाचार कर रखा है।
भारी जुर्माना लगाओ, शहर में सारे काम रोको
विधायक सुदेश राय ने सीवन नदी तट से ही सीएमओ सुधीर सिंह से फोन पर भारी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीवन नदी में बिना अनुमति मशीन चलाने पर कंपनी पर कम से कम एक से दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए। विधायक ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सीवेज कंपनी के लोग न तो अधिकारियों की सुन रहे हैं और न ही नियमों का पालन कर रहे हैं। पूरे शहर में भ्रष्टाचार फैला रखा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीवेज प्रोजेक्ट बना शहरवासियों के लिए मुसीबत
बता दें अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहा यह सीवेज प्रोजेक्ट पिछले लंबे समय से शहरवासियों के लिए आफत का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार शिकायतें कर रहे हैं कि खुदाई के दौरान अंडरग्राउंड पेयजल पाइप लाइनों, टेलीफोन केबलों और बिजली के खंभों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पक्की सीसी सडक़ों को खोदकर बिना मेंटेनेंस छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन ठप है। बिना किसी योजना और लापरवाही से की जा रही खुदाई से कई स्थानों पर दुकानों और मकानों की दीवारों को नुकसान पहुंचा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button