Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर के मठ मंदिर में चोरी करने वाला निकला भैरुंदा का बदमाश

सवा लाख रुपये का पूरा माल बरामद, पूछताछ में आष्टा और सीहोर के दो अन्य प्रसिद्ध मंदिरों की चोरियों का भी हुआ खुलासा

सीहोर। आस्था के केंद्रों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। शहर के प्रसिद्ध मठ मंदिर की दान पेटी तोडक़र नगदी उड़ाने वाले शातिर चोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी राशि करीब सवा लाख रुपये बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने सीहोर और आष्टा के दो अन्य बड़े मंदिरों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है, जिससे पुलिस ने कई अनसुलझे मामलों को सुलझा लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत 30 जून को हुई, जब मठ मानस समिति के सदस्य सीताराम यादव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मंदिर के पुजारी ने समिति को सूचना दी थी कि मंदिर के मुख्य गेट और अंदर रखी दान पेटी का ताला टूटा हुआ है। जब समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे तो देखा कि अज्ञात चोर दान पेटी का नकुचा तोडक़र उसमें जमा श्रद्धालुओं की श्रद्धा की राशि चुरा ले गया था। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
कप्तानों के निर्देश पर एक्टिव हुई टीम
मामले की संवेदनशीलता और जनभावनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने तत्काल निर्देश जारी किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सघन चेकिंग और तकनीकी सर्चिंग की मदद से पुलिस ने संदेही को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
भैरूंदा का पुराना रिकॉर्डधारी निकला आरोपी, उगले कई राज
पकड़े गए आरोपी की पहचान राज उर्फ राजू पिता नान सिंह बारेला उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम बसंतपुर टांडी, थाना भैरूंदा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुराना शातिर अपराधी है और इससे पहले भी भैरूंदा थाने में चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने मठ मंदिर के अलावा दो अन्य बड़ी चोरियों का भी खुलासा किया, जिसमें करौली माता मंदिरए सीहोर में चोरी की वारदात। माता मंदिर आष्टा में की गई चोरी शामिल हैं।
समिति और पुलिस के आपसी सहयोग से मिली सफलता
इस पूरे मामले के त्वरित खुलासे में मठ मंदिर मानस समिति के सदस्यों की भूमिका भी सराहनीय रही, जिन्होंने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संदिग्धों की पहचान करने में मदद की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव, एएसआई नवतेश राजपूत, एएसआई पतीराम पाटिल, प्रधान आरक्षक मनोज वर्मा, वीरेंद्र सिंह पवार, अशोक वर्मा और आरक्षक कपिल मेवाड़ा, जितेंद्र परमार, रामविलास, हेम सिंह, नरेंद्र जाट सहित आरक्षक चालक विष्णु भगवान की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button