Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में कल से गूंजेगी शिव महापुराण, गुरु महोत्सव से एक दिन पहले ही कथा पंडाल हाउसफुल

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम में पांच दिवसीय गुरु महोत्सव का शुभारंभ कल शुक्रवार से होने जा रहा है। महोत्सव में शामिल होने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का सीहोर आगमन लगातार जारी है। आस्था का सैलाब इस कदर उमड़ा है कि आयोजन शुरू होने से एक दिन पहले ही कुबेरेश्वरधाम का विशाल कथा पंडाल श्रद्धालुओं से पूरी तरह हाउसफुल हो चुका है।
वि_लेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि गुरु महोत्सव के अंतर्गत 24 जुलाई से 28 जुलाई तक संगीतमय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को एक दिवसीय भव्य गुरु दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए समिति और प्रशासन ने बड़े पैमाने पर व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं के लिए लगभग 1 लाख 80 हजार वर्ग फीट के विशाल स्थायी पंडाल में कथा श्रवण की व्यवस्था की गई है। वहीं 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल अन्नपूर्णा क्षेत्र भोजन प्रसादी स्थल तैयार किया गया है, जहां प्रतिदिन लाखों भक्त भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
महादेव की भक्ति में खोने वाला दुनिया की हर चिंता से मुक्त
गुरुवार को कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, समिति के पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी व्यवस्था की शुरुआत की। इस दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा महादेव की भक्ति में जो खो गया, वह दुनिया की हर चिंता से मुक्त हो गया, क्योंकि शिव ही सच्ची शांति हैं। हमें निरंतर भगवान के नाम का स्मरण करना चाहिए। उन्होंने भक्तों से भक्ति, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास से किया गया शिव स्मरण जीवन में सुख, शांति और आत्मिक आनंद प्रदान करता है।
प्रशासन और समिति अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर मुस्तैदी
महोत्सव को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोपाल-इंदौर हाईवे और आसपास के मार्गों पर सुचारू यातायात के लिए रूट डायवर्जन और विशाल पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं, एम्बुलेंस, पेयजल टैंकर और सफाई कर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button