Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम में आज सजेगा श्री हरि-हर मिलन महोत्सव, शाम 5 बजे पालकी में विराजमान होकर निकलेंगे भगवान

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में सोमवार को कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी के पावन अवसर पर भव्य और दिव्य श्री हरि-हर मिलन महोत्सव मनाया जाएगा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे धाम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। महोत्सव के लिए मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही देश के अलग-अलग राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं का धाम पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
महोत्सव के मुख्य आयोजन के तहत सोमवार शाम 5 बजे भगवान को विशेष और आकर्षक पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर में सादगी व परंपरागत ढंग से चल समारोह निकाला जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव (हर) और भगवान विष्णु (हरि) के इस पावन मिलन के साक्षी बनेंगे। रात में भजन-कीर्तन और विशेष पूजन-अर्चन का दौर चलेगा। यह महोत्सव सनातन धर्म की समन्वयकारी परंपरा और अटूट आस्था का प्रतीक माना जाता है।
श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन प्रसादी
देशभर से आ रहे भक्तों की सुविधा के लिए विठलेश सेवा समिति और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से निशुल्क भोजन प्रसादी और भंडारे की व्यवस्था की गई है। पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सेवादार लगातार प्रसादी वितरण की कमान संभाले हुए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात को सुचारू रखने के लिए अलग से पार्किंग व्यवस्था की है और सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि धाम में प्रतिदिन पहुंचने वाले हजारों भक्तों की सुविधा के लिए परिसर में तेजी से विकास और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को पंडित प्रदीप मिश्रा ने समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां दो लाख से अधिक लोगों के एक साथ बैठकर कथा सुनने की क्षमता वाला स्थायी पंडाल तैयार किया गया है। इसके साथ हीए बड़े स्तर पर भोजन प्रसादी तैयार करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एक विशाल भोजनशाला का निर्माण भी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button