जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजी रेहटी की सडक़ें

सीहोर। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रेहटी नगर भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। रथयात्रा के दौरान पूरा रेहटी नगर जय जगन्नाथ और भक्तिमय जयकारों से गूंजायमान हो उठा। भगवान जगन्नाथ यात्रा का शुभारंभ नगर के नए बस स्टैंड से विधिवत पूजा अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद भगवान का रथ नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। अखिल भारतीय चंद्रवंशी खाती समाज द्वारा आयोजित इस विशाल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढक़र भाग लिया।
यात्रा के दौरान ढोल नगाड़ों की गूंज और भजन कीर्तनों से माहौल पूरी तरह धर्ममय हो गया। भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचकर पुण्य लाभ कमाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और होड़ देखने को मिली। पुरुष, महिलाएं एवं युवा सभी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
जगह-जगह हुआ स्वागत
रथयात्रा का नगर में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमी जनता द्वारा स्वागत किया गया। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। वहीं यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जल-पान की व्यवस्था की गई।
महाआरती के बाद वितरित हुआ प्रसाद
नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई यह भव्य यात्रा कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुची। यहां विप्रजनों के सानिध्य में भगवान जगन्नाथ, बहन सुुभद्रा और भ्राता बलराम की विशेष पूजा अर्चना एवं भव्य आरती की गई। आरती के पश्चात महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसके साथ ही इस धार्मिक आयोजन का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Exit mobile version