सूने मकान की छत से घुसकर 11 लाख की चोरी…

सीहोर। इछावर नगर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने खेड़ीपुरा इलाके में रहने वाले राजेश श्रीवास्तव के सूने मकान को अपना निशाना बनाया। चोर गुरुवार की देर रात घर से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और मोटी नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। शुक्रवार सुबह जब पीडि़त परिवार को घटना की भनक लगी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार शातिर चोर देर रात घर की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए थे। बदमाशों ने इतनी सफाई और खामोशी से पूरी वारदात को अंजाम दिया कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजनों ने घर का बिखरा हुआ सामान और खुली अलमारियां देखीं, तब जाकर चोरी का खुलासा हुआ। जिस शातिराना अंदाज में इस चोरी को अंजाम दिया गया है, उससे यह साफ आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को श्रीवास्तव परिवार के घर हर गतिविधियों की जानकारी पहले से थी। स्थानीय लोगों के बीच भी यह चर्चा आम है कि इस पूरी वारदात के पीछे किसी जानकार या परिचित का हाथ हो सकता है, जो रेकी कर रहा था। हालांकि इसकी असली पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एक साल में दर्जनों वारदातें
बता दें इस सनसनीखेज चोरी के बाद नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इछावर नगर में यह कोई पहली या नई घटना नहीं है। बीते महज एक साल के भीतर ही शहर के अलग-अलग वार्डों में दर्जनों बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और लचर गश्त व्यवस्था के कारण आज तक किसी भी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। चोर हर बार पुलिस को खुली चुनौती देकर निकल जाते हैं और पुलिस के हाथ खाली रह जाते हैं।
विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही इछावर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीडि़त परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपट्र्स की मदद के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Exit mobile version