ये शादियां चर्चाओं में… जानिए क्या है खास..

सीहोर। शादियों का दौर है। ऐसे में शादियों की चर्चा न हो, तो बात कुछ जमती नहीं। ऐसी ही शादियां सीहोर जिले की भी चर्चाओं में है। दरअसल पिछले दिनों सीहोर जिले के गांव झरखेड़ा निवासी कपिल की शादी दोराहा जोड़ की खुशबू से हुई। इससे पहले दूल्हे के घर झरखेड़ा से बारात रवाना हुई। बारात 3 किलोमीटर दूर स्थित दोराहा जोड़ गांव पहुंची। इस दौरान 51 ट्रैक्टरों पर 200 से अधिक बाराती सवार होकर दुल्हन के घर पहुंचे। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बारात की खास बात यह रही कि एक ट्रैक्टर खुद दूल्हा ही चलाकर पहुंचा। जब दुल्हन के गांव में बारात पहुंची तो यह बारात सभी के लिए उत्साह का कारण भी बन गई। दरअसल दूल्हे का परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है और इसी को लेकर दूल्हे ने ट्रैक्टरों से बारात निकाली।
दूल्हन ने कर दिया शादी से इनकार, बैरंग लौटी बारात –
वहीं सीहोर जिले की ही एक अन्य शादी इसलिए चर्चाओं में है कि दूल्हे ने जब दुल्हन के परिजनों से दहेज की मांग रख दी तो दूल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात को बैरंग लौटा दिया। सीहोर नगर के वार्ड क्रमांक 15 में रहने वाले अजब सिंह सूर्यवंशी की बेटी प्रिया का विवाह विदिशा जिले के ग्यारसपुर में तय हुआ था। तय समय पर ग्यारसपुर से बारात सीहोर लड़की वालों के घर पहुंची। यहां पर स्वागत, सत्कार के बाद दूल्हे और बारातियों ने काफी ज्यादा शराब का सेवन कर लिया और वे लड़की पक्ष के लोगों से अभद्र व्यवहार करने लगे। इतना ही नहीं तिलक के दौरान 21 हजार देने पर नशे में धुत दूल्हा और बाराती भड़क गए और लड़की पक्ष से पांच लाख रुपए नकद और कार की मांग करने लगे। तब दुल्हन ने साहस का परिचय दिया और ऐसे लालची दूल्हे से शादी करने से साफ तौर पर इंकार कर दिया। ऐसे में बाराती पक्ष के लोग भड़क गए और लड़की वालों पर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। इस मामले में दुल्हन ने पुलिस में लालची बारातियों और दूल्हे के खिलाफ सीहोर के कोतवाली थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।