Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

चोरों के हौंसले बुलंद, रेहटी में सूूने मकान पर धावा, गहने सहित नकदी ले उड़े

एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच, चोरों को पकड़ने बिछाया जाल

सीहोर। जिलेभर में चोरों के हौंसले बुलंद हैं। वे लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर अपने मंसूबों में भी कामयाब हो रहे हैं। अब जिले के रेहटी थाना अंतर्गत रेहटी नगर में एक सूने मकान पर चोरों ने धावा बोलकर सोना-चांदी के गहने सहित नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने चोरी की घटना पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं चोरों को पकड़ने के लिए जाल भी बिछाया है। उम्मीद है कि जल्द ही चोर पुलिस के हत्थे चढ़ेंगे।
जानकारी के अनुसार रेहटी नगर निवासी अखिलेश शर्मा पिता मंगलीप्रसाद शर्मा आयु 47 निवासी वार्ड 9 रेहटी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है कि वे 21 जूून को अपने परिवार के साथ नर्मदापुरम शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से जब वे 25 जून को सुबह करीब 5.30 बजे लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। जब वे अंदर दाखिल हुए तो घर का सामान भी अस्त-व्यस्त मिला एवं पेटी व अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ पड़ा था। अलमारी में रखी सोने की चैन, दो अंगूठी, तीन जोड़ कान के टाॅप्स, सोने का हार, कंगन, चांदी के चार जोड़ कंगन सहित करीब 20 हजार रूपए की नकदी गायब थी। चोरी की घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति देखी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीव्ही कैमरे-
चोरी की घटना के बाद पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है। इसके लिए घटनास्थल सहित नगर के अन्य सीसीटीव्ही कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि चोरी की वारदात करने वाला कोई एक ही व्यक्ति है। हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए जाल भी बिछाया है, ताकि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा हो सके। पुलिस के लिए चोरों तक पहुंचना एक चुनौती बना हुआ है।
खेतों से की मोटरों की केवल चोरी-
इधर रेहटी थाना अंतर्गत ग्राम मलाजपुर पटरानी निवासी लोकेश जाट पिता महेश सिंह जाट उम्र 40 ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके खेत सहित धनपाल जाट, लक्ष्मीनारायण, ओमप्रकाश, संतोष, कैलाश जाट, महेंद्र सिंह, हीरालाल, अमित यादव सहित कई किसानों के खेतों से चोरों ने मोटरों की केवल चोरी कर ली है। हालांकि खेतों से ट्यूटवेल की मोटर सहित अन्य सामान भी लगातार चोरी हो रहे हैं, लेकिन इनका सुराख अब तक नहीं लग सका है। पुलिस चोरियों का पता लगाने के लिए जुटी हुई है।
रेहटी में स्टाॅफ की कमी बन रही अपराधों की वजह-
रेहटी थाना सीहोर जिले में अपराधों के मामलों में नंबर तीन पर है, लेकिन स्टाॅफ के मामले में स्थिति बेहद दयनीय है। पर्याप्त स्टाॅफ नहीं होने के कारण रेहटी थाना क्षेत्र में अपराधों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। रेहटी थाने में थाना प्रभारी के अलावा 3 पद एसआई के हैं, लेकिन वर्तमान में दो पदस्थ हैं। एक एसआई 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद एक ही पद बचेगा। इसी तरह 8 पद एएसआई के हैं, जिनमें से वर्तमान में दो ही पदस्थ हैं। आरक्षक के भी करीब 30 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 19 ही हैं। प्रधान आरक्षकों की भी बेहद कमी है। रेहटी थाना अंतर्गत करीब 125 गांव आते हैं, लेकिन इन गांवों के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल नहीं है। चोरी की घटनाएं भी इसके कारण लगातार हो रही हैं।
सीहोर जिले में चोरी की यह है स्थिति-
एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार सीहोर जिले में वर्ष 2023 में जहां चोरी की करीब 21828 घटनाएं हुईं थी तो वहीं वर्ष 2024 में इनकी संख्या घटकर 20407 रह गई है। हालांकि पुलिस ने जिले में हुई चोरियों में से ज्यादातर चोरियों का खुलासा करके आरोपियों को सलाखों के पीछे भी पहुंचाया है।
इनका कहना है-
रेहटी नगर में चोरी की घटना हुई है। एफआईआर दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पुलिस चोरों तक पहुंचेगी। फिलहाल चोरों का सुराख लगाने के लिए रेहटी नगर के सीसीटीव्ही कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
– राजेश कहारे, थाना प्रभारी, रेहटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button