जहांगीरपुरा में बाघ की दस्तक, किया बकरी का शिकार, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

सीहोर। जिला मुख्यालय के आसपास के ग्रामीण और वन क्षेत्रों में हिंसक वन्य प्राणी संभवत: बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बन गया है। बीती रात जहांगीरपुरा क्षेत्र में एक हिंसक वन्य प्राणी ने एक ग्रामीण की बकरी पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके के लोगों में डर का माहौल व्याप्त है।

इसी बीच धवोटी से धामनखेड़ा मार्ग पर आज बुधवार फिर से हिंसक वन्य प्राणी देखे जाने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे कोनाझिर और कालापहाड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, राह चालकों और विशेष रूप से रोजाना ड्यूटी पर जाने वाले शिक्षकों को विशेष सतर्कता और सावधानी बरतते हुए आवाजाही करने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने लाउडस्पीकर से कराई मुनादी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आ गया है। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सतर्क किया। वन अधिकारी ने लाउडस्पीकर के जरिए चेतावनी देते हुए कहा जहांगीरपुरा के समस्त ग्रामवासियों को सूचित किया जाता है कि वन क्षेत्र में हिंसक वन्य प्राणी की मौजूदगी की संभावना है। कृपया कोई भी व्यक्ति अकेला जंगल की ओर न जाए और न ही अपने पालतू मवेशियों को चरने के लिए वन क्षेत्र में भेजें।
फोटो-वीडियो बनाने की न करें भूल
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट हिदायत दी है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अफवाहें फैलाएं। यदि कोई हिंसक वन्य प्राणी नजर आता है तो उसकी फोटो या वीडियो बनाने की गलती बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे वन्य प्राणी आक्रामक होकर हमला कर सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्य प्राणी के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।



