ट्राइडेंट ग्रुप ने चलाया निर्मल नर्मदा अभियान, बुधनी घाट से हटाया 6 ट्रॉली कचरा

सीहोर। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए ट्राइडेंट ग्रुप द्वारा बुधनी स्थित ब्रिज घाट पर निर्मल नर्मदा सफाई अभियान चलाया गया। ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री राजिंदर गुप्ता एवं सीएसआर प्रमुख मधु गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत मां नर्मदा के तटों की व्यापक साफ सफाई की गई।
शनिवार को आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान में कंपनी के 150 से अधिक स्वयंसेवकों और प्रबंधन टीम ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। टीम ने घाट किनारे पड़े पुराने कपड़ों, प्लास्टिक और अन्य गंदगी को हटाकर सफाई की। इस दौरान कुल 100 बैग्स और 6 ट्रॉली कचरा एकत्रित किया गया, जिसे बाद में सुरक्षित निपटान के लिए अपशिष्ट प्रबंधन विभाग को सौंप दिया गया।
स्वच्छता का दिया संदेश
ट्राइडेंट ग्रुप की इस कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहल का मुख्य उद्देश्य नर्मदा नदी की पवित्रता बनाए रखना और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। सफाई के दौरान स्वयंसेवकों ने टीम भावना का परिचय देते हुए समाज को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
सतत प्रयास की प्रतिबद्धता
प्रबंधन टीम ने इस अवसर पर कहा कि निर्मल नर्मदा अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में एक निरंतर प्रयास है। स्थानीय निवासियों ने भी ट्राइडेंट ग्रुप की इस पहल की सराहना की और घाटों को साफ रखने का संकल्प लिया।



