Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

अरोरा के मार्गदर्शन में छावनी में आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा विजयादशमी पर्व

सीहोर। अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पर्व इस वर्ष भी शहर में पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में शहर के बाल विहार मैदान पर आयोजित होने वाले इस विशाल आयोजन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई इस बैठक में उत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व जिपं अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें जीवन में सदैव धर्म, नीति और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। छावनी दशहरा उत्सव समिति वर्षों से अपनी गौरवशाली परंपरा को निभाती आ रही है। इस वर्ष भी शहरवासियों के सहयोग से यह आयोजन अभूतपूर्व और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भारी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे, जिसके लिए समिति द्वारा सुरक्षा, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को अभी से बेहतर बनाया जा रहा है।
मुंबई की आतिशबाजी होगी मुख्य आकर्षण
समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि इस बार दशहरा उत्सव में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आयोजन का मुख्य आकर्षण मुंबई से आ रहे विशेष आतिशबाजों की भव्य आतिशबाजी होगी। मौसम को ध्यान में रखते हुए राजधानी भोपाल के कुशल कारीगर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतले तैयार कर रहे हैं। बारिश की संभावना से पुतलों को बचाने के लिए उन्हें वॉटरप्रूफ रेनकोट और सुरक्षा कवर से सुरक्षित किया जाएगा, ताकि बारिश होने पर भी दहन कार्यक्रम में कोई विघ्न न पड़े। गाजे-बाजे के साथ निकलने वाली भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात के बाद बाल विहार मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठेगा और पुतला दहन संपन्न होगा।
नई कार्यकारिणी का गठन
बैठक में समिति के सुचारु संचालन के लिए नई कार्यकारिणी की सर्वसम्मति से घोषणा की गई। जिसमें समिति अध्यक्ष पूर्व पार्षद आशीष गहलोत को बनाया गया है। जबकि विनीत गोयल महामंत्री, कोषाध्यक्ष विशाल सेन, राम बारात चल समारोह अध्यक्ष संतोष राठौर को बनाया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों का मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा एवं सदस्यों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
16 सितंबर को भूमि पूजन
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसके तहत 16 सितंबर को शाम 5 बजे बाल विहार मैदान पर विद्वान आचार्यों के सानिध्य में भव्य भूमि पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यस्थल पर तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ होगा। भूमि पूजन के पश्चात मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा के निवास स्थान पर समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के लिए स्नेह भोज एवं समीक्षा बैठक का आयोजन रखा गया है, जिसमें अंतिम तैयारियों को रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button